- झारखंड थोक वस्त्र विक्रेता संघ ने धूमधाम से मनाया दीपावली मिलन समारोह, अतिथियों का हुआ भव्य अभिनंदन
- केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, राज्यसभा सांसद महुआ मांझी एवं महापौर रोशनी खलखो हुए शामिल
- सांस्कृतिक कार्यक्रमों और दीपावली उपहार योजना ने बांधा समां
टीम एबीएन, रांची। झारखंड थोक वस्त्र विक्रेता संघ की ओर से कांके रोड स्थित सहदेव हाउस में दीपावली के पावन अवसर पर भव्य एवं आकर्षक दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह में उत्साह, उमंग, आपसी सौहार्द और व्यापारिक एकता का सुंदर संगम देखने को मिला। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची के सांसद श्री संजय सेठ तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ माजी एवं रांची की महापौर श्रीमती रोशनी खलखो उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री गणेश के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं गणेश वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात संघ के अध्यक्ष श्री अमरचंद बेगानी ने उपस्थित सभी सम्मानित अतिथियों, संघ के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं उनके परिवारजनों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि दीपावली केवल दीपों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे, एकता और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज और व्यापारिक परिवार को एक-दूसरे के और करीब लाने का कार्य करते हैं। समारोह में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं से आमंत्रित गणमान्य व्यक्तियों को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि संजय सेठ ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए व्यापारियों के सुख, समृद्धि एवं व्यापार में निरंतर वृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि व्यापारी समाज देश की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है। व्यापारियों की मेहनत, समर्पण और योगदान से समाज एवं राष्ट्र की आर्थिक प्रगति को मजबूती मिलती है। उन्होंने सभी व्यापारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विशिष्ट अतिथि डॉ. महुआ मांझी एवं महापौर श्रीमती रोशनी खलखो ने भी दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने संघ द्वारा आयोजित इस तरह के पारिवारिक एवं सामाजिक मिलन समारोह की सराहना की। समारोह को और भी मनोरंजक एवं यादगार बनाने के लिए बच्चों के लिए विशेष मनोरंजन से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया
वहीं, संघ की परंपरा के अनुरूप दीपावली प्रतियोगिता एवं दीपावली उपहार योजना के अंतर्गत विशेष ड्रॉ का आयोजन किया गया, जिसमें सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।इस अवसर पर संघ के व्यापारियों, उनके परिवारजनों एवं आमंत्रित अतिथियों ने एक-दूसरे से मिलकर दीपावली की खुशियां साझा कीं। समारोह में स्वादिष्ट व्यंजनों की भी विशेष व्यवस्था की गई थी, जिसका सभी ने आनंद उठाया। पूरा आयोजन पारिवारिक आत्मीयता, उल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि झारखंड थोक वस्त्र विक्रेता संघ केवल व्यापारिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक समरसता, आपसी सहयोग और पारिवारिक संबंधों को मजबूत करने के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। दीपावली मिलन समारोह इसी परंपरा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसमें सभी सदस्य अपने परिवार के साथ एकजुट होकर त्योहार की खुशियां मनाते हैं।
समारोह में मुख्य रूप से संघ के अध्यक्ष श्री अमरचंद बेगानी, विवेक मेहता, हैप्पी किंगर, सौरभ कटारुका, आशीष सिंघानिया,गौरव काबरा, महेश बजाज, पूर्व अध्यक्ष संतोष जैन, प्रवीण लोहिया, मुकेश काबरा, प्रमोद सारस्वत, fJCCI के अध्यक्ष तुलसी पटेल, महासचिव रोहित अग्रवाल, गिरीश मल्होत्रा, पवन शर्मा, सुरेश चंद्र अग्रवाल, विकास विजयवर्गीय, मनोज नरेड़ी, प्रतीक मोर, प्रकाश अरोड़ा सहित बड़ी संख्या में संघ के सदस्य, व्यापारी एवं उनके परिवारजन उपस्थित थे। समारोह का समापन आपसी शुभकामनाओं, सौहार्द एवं दीपावली की खुशियां साझा करने के साथ हुआ। उक्त जानकारी मानद सचिव हैप्पी किंगर और संयोजक गौरव काबरा ने दी।