- श्री कृष्ण प्रणामी गौ सेवा धाम में श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाई गई गोवर्धन पूजा, गौसेवा कर लिया आशीर्वाद
टीम एबीएन, रांची। एमआरएस श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित पुंदाग स्थित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम परिसर में गोवर्धन पूजा का पर्व श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। परम पूज्य संत शिरोमणि स्वामी सदानंद महाराज जी के सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में गौसेवा, पूजा-अर्चना एवं भजन-कीर्तन के माध्यम से भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का सुंदर स्वरूप देखने को मिला।
इस अवसर पर श्री कृष्ण प्रणामी गौ सेवाधाम में पुजारी पंडित अरविंद पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गौ माता की विधिवत पूजा-अर्चना की। गौ माता को तिलक लगाकर पुष्प अर्पित किए गए तथा धूप-दीप से आरती उतारकर भोग एवं प्रसाद चढ़ाया गया। इसके बाद गौ माता को गुड़, रोटी, हरी सब्जियां एवं अन्य खाद्य सामग्री खिलाकर श्रद्धापूर्वक गौसेवा की गई।
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम में आश्रय प्राप्त निराश्रित प्रभुजनों ने भी पूरे उत्साह एवं आनंद के साथ गौसेवा में भाग लिया। सभी ने सामूहिक रूप से गौ माता की आरती की तथा भक्ति भाव से भजन गाए। पूजा-अर्चना के उपरांत उपस्थित श्रद्धालुओं एवं प्रभुजनों के बीच प्रसाद वितरण किया गया।
इस पावन अवसर पर पूरे प्रणामी गौसेवा धाम को आकर्षक ढंग से दीपों से सजाया गया, जिससे परिसर में भक्तिमय एवं आध्यात्मिक वातावरण बन गया। ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि गोवर्धन पूजा दीपावली के अगले दिन कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा को मनाई जाती है।
धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को देवराज इंद्र के प्रकोप से बचाने के लिए अपनी कनिष्ठा अंगुली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर उनकी रक्षा की थी। इसी स्मृति में गोवर्धन पूजा की परंपरा प्रारंभ हुई। इस दिन प्रकृति, गौवंश एवं अन्न के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाती है
उन्होंने बताया कि गोवर्धन पूजा के साथ अन्नकूट महोत्सव का भी विशेष महत्व है। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण को विभिन्न प्रकार के पकवानों एवं व्यंजनों का भोग अर्पित किया जाता है। यह पर्व हमें प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण संतुलन, गौसेवा, अन्न का सम्मान, परोपकार एवं सामूहिक सद्भाव का संदेश देता है। गौसेवा और जरूरतमंदों की सेवा ही सच्ची भक्ति का स्वरूप है।