- दीपों की रोशनी और भक्ति के उल्लास से जगमगाया श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर, प्रभुजनों संग मनाई गई दीपावली
टीम एबीएन, रांची। दीपावली के पावन पर्व पर राजधानी रांची के पुंदाग स्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में श्रद्धा,भक्ति, आध्यात्मिकता एवं उल्लास का अनुपम संगम देखने को मिला।
एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम में परम पूज्य परमहंस डॉ. संत शिरोमणि स्वामी सदानंद जी महाराज के पावन सानिध्य में दीपावली का पर्व अत्यंत श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। दीपावली के अवसर पर संपूर्ण मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। रंग-बिरंगी विद्युत सज्जा, असंख्य दीपों एवं पारंपरिक रोशनी से मंदिर परिसर जगमगा उठा।
मंदिर का आध्यात्मिक एवं मनोहारी वातावरण श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। इस अवसर पर ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि दीपावली के शुभ अवसर पर श्री राधा रानी एवं राज श्यामा जी का अत्यंत दिव्य, भव्य एवं अलौकिक श्रृंगार किया गया।
इसके लिए वृंदावन से विशेष रूप से मंगवाए गए नवीन एवं आकर्षक वस्त्रों के साथ सुंदर जड़ित आभूषणों तथा मनमोहक पुष्पों से ठाकुरजी का मनोहारी श्रृंगार किया गया। भगवान के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। संध्या बेला में मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित अरविंद कुमार पांडेय ने विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ भगवान की पूजा-अर्चना की।
आरती के पश्चात भगवान को विविध व्यंजनों से युक्त महाप्रसाद अर्पित किया गया। इस दौरान भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें भक्तों ने भक्तिरस में सराबोर होकर भगवान श्री राधा-कृष्ण का गुणगान किया। पूजा-अर्चना के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया।दीपावली का यह आयोजन सेवा, करुणा एवं मानवीय संवेदना का भी प्रेरक उदाहरण बना।
मंदिर के द्वितीय तल पर ट्रस्ट द्वारा संचालित सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम में निवास कर रहे निराश्रित, दिव्यांग एवं असहाय प्रभुजनों के साथ भी दीपावली का पर्व विशेष उत्साह एवं आत्मीयता के साथ मनाया गया। ट्रस्ट के सदस्यों ने प्रभुजनों के साथ खुशियां साझा कीं, उन्हें स्वादिष्ट मिठाइयां खिलाईं तथा आतिशबाजी के साथ दीपावली का आनंद लिया। इस अवसर पर उनके चेहरों पर प्रसन्नता एवं आत्मीय संतोष की झलक दिखाई दी।
संजय सर्राफ ने कहा कि इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि दीपावली केवल दीप जलाने और उत्सव मनाने का पर्व नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में खुशियों का प्रकाश फैलाने, प्रेम, सेवा, सद्भावना एवं मानवीय संवेदना को आत्मसात करने का भी महापर्व है। मंदिर में आयोजित धार्मिक अनुष्ठानों एवं प्रभुजनों के साथ उत्सव ने दीपावली की वास्तविक भावना को साकार किया।