- झारखंड में 11 नवंबर को कांग्रेस करेगी थिंक-2029 का आयोजन
- देशभर से अलग-अलग विषयों के विशेषज्ञ करेंगे शिरकत
टीम एबीएन, रांची। झारखंड कांग्रेस 11 नवंबर को रांची में थिंक-2029 का आयोजन करने जा रही है, इसकी विस्तृत जानकारी देने के लिए प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस प्रेस वार्ता को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और प्रदेश महासचिव आदित्य विक्रम ने संबोधित किया।
जेपीसीसी के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने बताया कि कांग्रेस 11 नवंबर को रांची में थिंक-2029 आयोजित कर रही है, इस दौरान 2 प्रमुख कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। पहला कार्यक्रम होटल बीएनआर में आयोजित होगा, जहां थिंक 29 के तहत संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा, इसमें देशभर से अलग-अलग क्षेत्रों के विशेषज्ञ शामिल होंगे। संगोष्ठी में 2029 तक झारखंड को विकसित राज्य बनाने की रणनीति पर चर्चा होगी।
इस दौरान खनिज संपदा के बेहतर उपयोग, महिला सशक्तीकरण, स्वास्थ्य, सुशासन और समावेशी विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि झारखंड में पहली बार इस तरह का आयोजन किया जा रहा है, जो राज्य की प्रगति और विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।