- धनबाद : खाकी और खादी की गहरी नींद: झरिया से सिंदरी तक मुख्य सड़कों पर सजा मौत का बाजार
- डीसी के फरमान की उड़ रही धज्जियां
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। जिला प्रशासन और उपायुक्त के सख्त आदेशों के बावजूद धनबाद से लेकर झरिया और सिंदरी तक की मुख्य सड़कों पर अवैध पटाखों और बारूद का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है।
भीड़भाड़ वाले और घनी आबादी वाले इलाकों में सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर सजी इन दुकानों ने पूरे इलाके को बारूद के ढेर पर ला खड़ा किया है।प्रशासनिक निर्देश साफ थे कि पटाखों की बिक्री केवल चिन्हित खुले मैदानों में ही होगी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। लेकिन धरातल पर तंग बाजारों और व्यस्त चौराहों पर खुलेआम तेज आवाज वाले बम और पटाखे बिक रहे हैं।
हैरान करने वाली बात यह है कि स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक महकमा केवल चार पहिया और दो पहिया वाहनों से धीमी गति से गश्त लगाकर अपनी औपचारिकता पूरी कर रहा है। गाड़ियों के शीशों से झांकने वाले अधिकारियों को सड़क किनारे सज रही यह मौत की दुकानें क्यों नजर नहीं आ रही हैं, यह सबसे बड़ा सवाल है।
झरिया और सिंदरी का इलाका पहले से ही संकरे रास्तों और घनी आबादी के लिए जाना जाता है। ऐसे में मुख्य मार्ग पर बिना किसी अग्निशमन यंत्र या सुरक्षा इंतजाम के चल रही इन दुकानों पर यदि एक छोटी सी भी चिंगारी पड़ गई, तो भयानक तबाही मच सकती है।
इस गंभीर लापरवाही पर अब स्थानीय नागरिकों का सब्र जवाब दे रहा है और वे पुलिस प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि एसी गाड़ियों से बाहर निकलकर अधिकारी पैदल गश्त करें। इन अवैध दुकानों को तुरंत जब्त करें और संबंधित थाना प्रभारियों की जवाबदेही तय करें ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।