- सुखदेव भगत ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी से की मुलाकात
- अंधेरा कितना भी गहरा हो, उम्मीद का एक दिया उसे हरा देता है - नफरत और बंटवारे के दौर में प्रेम, भाईचारा और एकजुटता ही हमारा संबल है : सांसद सुखदेव भगत
एबीएन सेंट्रल डेस्क। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के निवास स्थान 5, सुनहरी बाग रोड, नई दिल्ली में दीपावली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस मिलन समारोह में कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं को आमंत्रित किया गया था। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता, छत्तीसगढ़ प्रभारी एवं लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत भी शामिल हुए।
समारोह में सांसद श्री भगत ने सीपीपी चेयरपर्सन आदरणीय सोनिया गांधी, जननायक राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, केसी वेणुगोपाल सहित अनेक राष्ट्रीय नेताओं से मुलाकात कर उन्हें दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। मौके पर देशभर से आये कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं के साथ देश की मौजूदा स्थिति पर भी गंभीर चर्चा हुई।
सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि दीपावली का संदेश है कि अंधेरा कितना भी गहरा हो, उम्मीद का एक दिया उसे हरा देता है। आज जब नफरत और बंटवारे की राजनीति देश के सामने सबसे बड़ी चुनौती है, तब प्रेम, भाईचारा और एकजुटता ही हमारा सबसे बड़ा संबल है। यही कांग्रेस की परंपरा रही है और यही महात्मा गांधी का रास्ता है।
उन्होंने कहा कि यह मिलन समारोह सिर्फ त्यौहार की बधाई का कार्यक्रम नहीं था, यह कांग्रेस परिवार की एकजुटता का प्रतीक था। देशभर के नेता एक मंच पर, एक परिवार की तरह मिले और इस संकल्प को दोहराया कि संविधान की रक्षा और जनता के अधिकारों की लड़ाई को और मजबूत किया जायेगा। वोट चोरी और वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) को लेकर आगे के आंदोलन की रणनीति पर मंथन हुआ।
नेताओं ने कहा कि यह लड़ाई एक दिन या एक महीने की नहीं है, यह लंबी लड़ाई है, जिसे गांव-गांव, घर-घर तक ले जाना है। 25-26 नवंबर को दिल्ली में संविधान दिवस पर होने वाले बड़े कार्यक्रम की तैयारी पर भी चर्चा हुई। सभी नेताओं से दिल्ली में उपस्थित रहने का आह्वान किया गया। राहुल गांधी जी ने सभी नेताओं से एक-एक कर मुलाकात की और कहा कि जनता से जुड़े मुद्दे उठाते रहें, डरें नहीं, संविधान की पवित्रता कायम रखें।
सांसद भगत ने कहा कि राहुल गांधी जी ने जो रोशनी दिखायी है, वो सिर्फ एक दीया नहीं है, वो पूरे देश के युवाओं, गरीबों, किसानों, दलितों, आदिवासियों की उम्मीद है। हम सब उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। सुखदेव भगत नेसभी देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आपके जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और भाईचारा बना रहे।