टीम एबीएन, रांची। जोहार लॉर्ड बुद्धा फाउंडेशन एवं भारत विकास परिषद की रांची मध्य और महानगर शाखा के संयुक्त तत्वावधान में चलो जलाएं दीप वहां, जहां अभी अंधेरा है कार्यक्रम का आयोजन अनगड़ा प्रखंड के खकसी टोली में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि लक्ष्मी सराफ एवं विशिष्ट अतिथि श्री ओमप्रकाश सराफ ने भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित कर किया। इस अवसर पर जोहार लॉर्ड बुद्धा फाउंडेशन के सीईओ डॉ. भारत भूषण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लक्ष्मी सराफ ने ग्रामीणों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का पर्व नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में खुशियों का प्रकाश फैलाने का अवसर भी है। पर्व की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब हम जरूरतमंद परिवारों के साथ अपनी खुशियां साझा करें।
वहीं, श्री ओमप्रकाश सराफ ने कहा कि दीपावली प्रेम, सद्भाव और आपसी सहयोग का पर्व है। हमें इस अवसर पर समाज के उन परिवारों को भी अपनी खुशियों में शामिल करना चाहिए, जो आर्थिक अभाव के कारण त्योहार की खुशियों से वंचित रह जाते हैं। आपसी सहयोग और संवेदनशीलता से ही समाज में खुशहाली एवं सकारात्मकता का वातावरण बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर लक्ष्मी सराफ एवं ओमप्रकाश सराफ जीके सहयोग से 50 जनजातीय परिवारों के बीच दीपक, बत्ती, माचिस, तेल, फुलझड़ियां एवं मिठाइयों का वितरण किया गया। मौके पर फाउंडेशन के सीईओ डॉ. भारत भूषण ने कहा कि धन-संपत्ति तो बहुत लोगों के पास होती है, लेकिन समाज में ऐसे लोग कम ही होते हैं, जो अपना धन, समय और श्रम दूसरों की सेवा एवं सहायता में समर्पित करते हैं।
नि:स्वार्थ भाव से जरूरतमंदों की मदद करना ही सच्ची सामाजिक सेवा है। ऐसे सेवा भाव रखने वाले लोगों पर मां लक्ष्मी की कृपा सदैव बनी रहे, यही हमारी कामना है। कार्यक्रम का संचालन जुगल किशोर बेदिया ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में दीपेंद्र बेदिया, बिडंबर बेदिया, चरवा भगत, सावित्री कुमारी एवं अंजलि कुमारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।