रत्नेश कुमार ने पत्र लिखकर जांच की मांग की
एबीएन न्यूज नेटवर्क, कतरास (धनबाद)। कतरास क्षेत्र के कांको के निकट लालचक स्थित सुनसान जंगल में कथित तौर पर बड़े पैमाने पर अवैध कोयला डिपो संचालित किया जा रहा है। भारतीय सर्वजन पार्टी के झारखंड प्रदेश प्रभारी रत्नेश कुमार ने झारखंड पुलिस को पत्र लिखकर कर इस मामले को उठाया है और प्रशासन से अवैध कोयला कारोबार पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
रत्नेश कुमार ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि लालचक के सुनसान जंगल में रात के अंधेरे में धड़ल्ले से अवैध कोयला डिपो चलाया जा रहा है। यहां प्रतिदिन कई गाड़ियों में अवैध कोयले की निकासी की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि आसपास की कोलियरियों से कोयला इकट्ठा कर कथित तौर पर फर्जी कागजात तैयार करके दूसरे राज्यों में भेजा जा रहा है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अवैध डिपो संचालक खुलेआम इस कारोबार को अंजाम दे रहे हैं और प्रशासन को गुमराह कर लंबे समय से इस धंधे को संचालित किया जा रहा है। इस कारोबार के कारण जहां कथित कोयला तस्करों को आर्थिक लाभ हो रहा है, वहीं राष्ट्रीय संपत्ति की लूट से सरकार को राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, अवैध कोयला डिपो की गतिविधियों की जांच करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए अवैध कोयला कारोबार पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।