एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। जिले में समाज में एकता, समरसता, सांस्कृतिक चेतना और सनातन संस्कारों के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से वनवासी रक्षा परिवार फाउंडेशन के तत्वावधान में वीर शिवाजी चौक स्थित सिद्धिदात्री दुर्गा मंदिर परिसर में राष्ट्र रक्षा यज्ञ अनुष्ठान का आयोजन किया गया। धार्मिक वातावरण के बीच वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत यज्ञ संपन्न हुआ। इसके उपरांत सामूहिक आरती कर राष्ट्र की सुख-समृद्धि, शांति, उन्नति और सामाजिक एकता की कामना की गयी। यज्ञ अनुष्ठान हरिहर शास्त्री ने वैदिक विधि-विधान के साथ संपन्न कराया।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी विजय खत्री ने कहा कि राष्ट्र रक्षा यज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज को जोड़ने, आपसी सहयोग बढ़ाने और सामाजिक समरसता स्थापित करने का एक सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक सोच विकसित होती है और लोगों में अपनी संस्कृति, परंपरा एवं सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूकता बढ़ती है।
मौके पर उपस्थित कार्यक्रम के सचिव दीपक अग्रवाल ने कहा कि वन एवं नगरीय वंचित समाज के उत्थान को समर्पित ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक अनुष्ठानों का उद्देश्य संपूर्ण हिंदू समाज को एक सूत्र में जोड़ना तथा प्रत्येक परिवार में सनातन संस्कारों को मजबूत करना है। समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से ही एक संगठित, संस्कारित और समरस समाज का निर्माण संभव है।
वहीं समाजसेवी रीता पांडे ने कहा कि सनातन संस्कृति और परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। माताओं, बहनों और बच्चों को सप्ताह में कम से कम एक दिन मंदिर जाकर हवन, पूजा-पाठ एवं धार्मिक आयोजनों में भाग लेना चाहिए। इससे बच्चों में बचपन से ही अच्छे संस्कार विकसित होंगे तथा परिवार और समाज में धार्मिक चेतना एवं एकता का भाव मजबूत होगा।
मौके पर उपस्थित लोगों ने धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से समाज में आपसी सद्भाव, सहयोग और समरसता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में एकल विद्यालय के संस्थापक एवं कार्यकर्ता विष्णु साहू, प्रदीप राणा, सचिन कुमार, चंदन गोप, जय गोविंद, पूजा अग्रवाल, भावना मित्तल सहित बड़ी संख्या में रामभक्त, माताएं, बहनें एवं फाउंडेशन के कार्यकर्ता उपस्थित थे।