- धनबाद निरसा में जेटेट परीक्षा देकर लौट रहे शिक्षक दंपती की बाइक को पिकअप ने रौंदा
- पति की दर्दनाक मौत; भागते हुए दूसरे बाइक सवार को भी मारी टक्कर!
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) देकर घर लौट रहे शिक्षक दंपती की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। निरसा थाना क्षेत्र के गोपालगंज मोड़ के पास रविवार को तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में सरकारी शिक्षक अशरफ अली (36) की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी जाह्नवी खातून गंभीर रूप से घायल हो गईं। इतना ही नहीं, हादसे के बाद भागने के दौरान पिकअप चालक ने एक अन्य बाइक सवार को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
जानकारी के अनुसार, अशरफ अली और उनकी पत्नी जाह्नवी खातून रविवार को धनबाद के सिटी पब्लिक स्कूल में आयोजित जेटेट परीक्षा में शामिल होने आए थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों बाइक से बराकर लौट रहे थे। इसी दौरान गोपालगंज मोड़ के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने अशरफ अली को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल जाह्नवी खातून का इलाज जारी है।
बताया जाता है कि अशरफ अली मूल रूप से पश्चिम बंगाल के 24 परगना के रहने वाले थे। उनकी पोस्टिंग निरसा में सरकारी शिक्षक के रूप में थी, जबकि उनकी पत्नी जाह्नवी खातून पश्चिम बंगाल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। दोनों बराकर में किराये के मकान में रहते थे। पदोन्नति के उद्देश्य से दोनों जेटेट की परीक्षा देने धनबाद आए थे। लेकिन परीक्षा देकर लौटते वक्त हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।
वहीं, शिक्षक दंपती को टक्कर मारने के बाद पिकअप चालक मौके से भागने लगा। इसी दौरान रास्ते में उसने एक अन्य बाइक सवार अक्षय चक्रवर्ती को भी टक्कर मार दी। अक्षय टाइल्स और मार्बल का काम करते हैं। बताया जाता है कि वह खाना खाने के लिए अपने घर लौट रहे थे। हादसे में उनके सिर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें भी इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद मृतक शिक्षक के मित्र और घायल युवक के परिजनों ने हादसे को लेकर अपनी बात रखी। एक ही पिकअप की टक्कर से दो बाइक सवारों के दुर्घटनाग्रस्त होने और एक शिक्षक की मौत से इलाके में शोक का माहौल है।