- वनस्पति वैज्ञानिक डॉ पी मुखर्जी को मिला प्रतिष्ठित सम्मान
- झारखंड के शैक्षणिक और शोध जगत में खुशी
- भारतीय वनस्पति सोसायटी ने उत्कृष्ट योगदान के लिए किया सम्मानित
- झारखंड की वनस्पति विविधता के अध्ययन और संरक्षण में रहा है अहम योगदान
- डॉ मुख़र्जी लोहरदगा निवासी और रांची के करेंसी भगत कालेज बेडो कॉलेज के प्रिंसिपल हैं
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। झारखंड के प्रसिद्ध वनस्पति वैज्ञानिक लोहरदगा निवासी सह-रांची के बेडो स्थित करमचंद भगत कालेज के प्राचार्य डॉ प्रसेनजीत मुखर्जी को वनस्पति विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए रविवार को मैसुर में आयोजित अन्तर्राष्ट्रीय समारोह में प्रतिष्ठित आईबीएस- एआईबीसी कंपेनियन अवार्ड-2026 से सम्मानित किया गया है। इंडियन बोटैनिकल सोसायटी की ओर से एक नवंबर को आयोजित 49 वें वार्षिक और अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। उनकी इस उपलब्धि से झारखंड के शैक्षणिक और शोध जगत में खुशी की लहर है।
भारतीय वनस्पति सोसायटी का तीन दिवसीय सम्मेलन एक से तीन नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन का विषय पादप विज्ञान में प्रगति और जैव ऊर्जा के लिए सतत नवाचारों को गति देना रखा गया है। सम्मान समारोह में सोसायटी की अध्यक्ष डॉ शांति शर्मा, सचिव डॉ शेषु लवानिया, केंद्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी अनुसंधान संस्थान के निदेशक डॉ पी गिरिधर और मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय, सहारनपुर की कुलपति डॉ वाई विमला ने डॉ मुखर्जी को सम्मानित किया।
डॉ मुखर्जी ने रांची विश्वविद्यालय से डॉ ज्योति कुमार के निर्देशन में डाक्टर ऑफ साइंस की उपाधि प्राप्त की है। वनस्पति वर्गिकी, पादप पारिस्थितिकी, आर्द्रभूमि पारिस्थितिकी तथा झारखंड की जलीय और स्थलीय वनस्पतियों के अध्ययन और संरक्षण में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। डॉ मुखर्जी के शोध कार्यों से झारखंड राज्य की समृद्ध जैव-विविधता के वैज्ञानिक दस्तावेजीकरण और संरक्षण को बढ़ावा मिला है।
इस उपलब्धि पर उनके शोध निर्देशक डॉ टी घोष, डीएससी शोध निर्देशक और रांची विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ ज्योति कुमार, पूर्व कुलपति डॉ कामिनी कुमार, वर्तमान कुलपति डॉ सरोज शर्मा, कुलसचिव डॉ राजकुमार शर्मा और डॉ एमजी तिवारी समेत कई शिक्षाविदों ने बधाई दी है।
डॉ मुखर्जी की इस उपलब्धि को करमचंद भगत कालेज, रांची विश्वविद्यालय और पूरे झारखंड के लिए गौरवपूर्ण माना जा रहा है।
फोटो संकेत : रविवार को कर्नाटक के मैसूर में आयोजित भव्य समारोह में डॉ प्रसेनजीत मुखर्जी सम्मानित करते अतिथिगण।