- ठाकुरकुल्ही में दिल्ली के लोटस टेंपल की तर्ज पर बनेगा भव्य सूर्य मंदिर
- एक वर्ष में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य, नारियल फोड़कर हुआ शुभारंभ
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। धैया स्थित ठाकुरकुल्ही छठ पूजा तालाब परिसर में भव्य सूर्य मंदिर निर्माण की दिशा में रविवार को शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि समाजसेवी कुम्भनाथ सिंह एवं श्रीराम सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने नारियल फोड़कर मंदिर निर्माण कार्य की विधिवत शुरुआत की। इस अवसर पर सूर्य मंदिर निर्माण समिति की ओर से मुख्य अतिथि कुम्भनाथ सिंह, उदय प्रताप सिंह, विकास कंधवे, विनोद गुप्ता एवं कुमार कौशल को अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता इंद्र सिंह ने की, जबकि संचालन पप्पू सिंह तथा धन्यवाद ज्ञापन बबलू सिंह ने किया। मौके पर कुम्भनाथ सिंह ने कहा कि ठाकुरकुल्ही में बनने वाले भव्य सूर्य मंदिर का निर्माण एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। यह मंदिर पूरे कोयलांचल के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।
मंदिर का स्वरूप दिल्ली के प्रसिद्ध लोटस टेंपल की तर्ज पर अत्यंत सुंदर और भव्य होगा। मंदिर के गर्भगृह में सात घोड़ों के रथ पर विराजमान भगवान सूर्य की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उन्होंने सूर्य मंदिर निर्माण समिति को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया। वहीं, उदय प्रताप सिंह ने कहा कि मंदिर निर्माण में गुणवत्ता और भव्यता का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
इसके लिए अनुभवी इंजीनियरों एवं आर्किटेक्ट की मदद ली जाएगी। ठाकुरकुल्ही छठ तालाब परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा से सुसज्जित किया जाएगा, ताकि मंदिर और तालाब परिसर की सुंदरता में चार चांद लग सकें। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग और क्षेत्र के लोगों के सामूहिक सहयोग से इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक परियोजना को साकार किया जाएगा।
कार्यक्रम में इंद्र सिंह, फौदार सिंह, पप्पू सिंह, बबलू सिंह, विकास कंधवे, विनोद गुप्ता, कुमार कौशल, भोला पांडेय, मोहन पांडेय, आचार्य राजेंद्र सिंह, विकास सिंह, विकास राय, प्रहलाद रजक, रिपु पासवान, सत्येंद्र मिश्रा, नुनु सिंह, सुशील सिंह, प्रसून पांडेय, दिवाकर शर्मा, शशिकांत पांडेय, निर्मल महतो, मदन मोहन सिंह, संतलाल महथा, उत्तम मन्ना, संजय सिंह सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।