एबीएन न्यूज नेटवर्क, गढ़वा। जिले में अपराधियों का मनोबल सातवें आसामन पर है। जिले के सदर थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव में देर रात एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गयी। घटना में राघवेंद्र सिंह उर्फ राजा बाल-बाल बच गये। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। जानकारी के अनुसार, राजा सिंह मोटरसाइकिल से जा रहे थे।
इसी दौरान एक स्कॉर्पियो वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गये। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार मौके से फरार हो गया। राजा सिंह मोटरसाइकिल उठाकर घर लौटे और देर रात अपने वाहन से स्कॉर्पियो की तलाश में निकल पड़े। तलाश के दौरान जैसे ही वह नावाडीह गांव पहुंचे, मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी।
राजा सिंह किसी तरह मौके से बचकर निकल गये। घटना के बाद दोनों आरोपी दोबारा घटनास्थल पर पहुंचे और वहां गिरी अपनी मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गये। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने सदर थाने पहुंचकर दो युवकों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। एसडीपीओ ने बताया कि प्रतापपुर में गोलीबारी की सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची थी। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।