गम्हरिया थाना परिसर की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप
एसपी ने थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को किया निलंबित
एसडीपीओ अनुभव भारद्वराज के नेतृत्व मेें जांच को एसआईटी गठित
एबीएन न्यूज नेटवर्क, गम्हरिया (धनबाद)। जिस थाने में एक महिला न्याय और सुरक्षा की उम्मीद लेकर पहुंची थी, वहीं एक पुलिसकर्मी पर उसके साथ दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगा है। सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर की इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। दुग्धा गांव निवासी महिला की शिकायत पर आरोपी सिपाही नीरज लकड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, एसपी मनोज स्वगीर्यारी ने थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
महिला के अनुसार, बीते गुरुवार की रात करीब 11 बजे वह पारिवारिक विवाद और पति द्वारा मारपीट किए जाने की आशंका को लेकर शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंची थी। देर रात होने के कारण वह थाने में ही रुक गयी। आरोप है कि इसी दौरान सिपाही ने उसके साथ जबरदस्ती की। महिला ने विरोध करते हुए शोर मचाया और बचाव में पास रखा चाकू उठा लिया। इस दौरान आरोपी के हाथ में चोट लगने की बात सामने आयी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गयी है। शुक्रवार देर रात एसडीपीओ ने थाना पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और संबंधित कमरे को सील कर साक्ष्य सुरक्षित कराये। कार्रवाई के तहत थाना प्रभारी संजय प्रसाद, एसआई मनोज साहू, अनिरुद्ध सिंह और आरक्षी संतोष राय को निलंबित किया गया है।
एसडीपीओ ने बताया कि महिला के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मामले की गहन जांच जारी है। जांच में दोषी पाये जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी।