कैरो : गजनी में सरना समिति के भव्य जतरा का आयोजन
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। कैरो प्रखंड के ग्राम गजनी में सरना समिति गजनी के तत्वावधान में पारंपरिक जतरा का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रोहित उरांव एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला परिषद अध्यक्ष सुखदेव उरांव शामिल हुए।
इस मौके पर सरना समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों द्वारा दोनों अतिथियों का स्वागत पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाज, मांदर की थाप और फूल-माला के साथ किया गया। जतरा स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिला-पुरुष और युवा पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। पूरे माहौल में सरना संस्कृति और अखरा की गूंज देखने को मिली।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि रोहित उरांव ने कहा कि जतरा सिर्फ एक मेला नहीं, बल्कि हमारी पहचान है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज को अपनी भाषा, संस्कृति, सरना धर्म और परंपरा को संरक्षित रखना होगा, तभी आने वाली पीढ़ी अपनी जड़ों से जुड़ी रहेगी। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपनी संस्कृति पर गर्व करें और उसे आगे बढ़ायें।
विशिष्ट अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष सुखदेव उरांव ने भी सरना समिति गजनी के इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन समाज को एकजुट करने का काम करते हैं। जतरा में शामिल सभी खोढहा दलों को मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों के द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
मौके पर संजय कुमार, मीडिया प्रभारी असलम अंसारी, समिति के अध्यक्ष चंद्रदेव उरांव, सचिन करमचंद उरांव, कोषाध्यक्ष जुड़ा उरांव, राम उरांव, फागु उरांव, रामू राम, संदीप उरांव, बोले उरांव, मनोज उरांव, नारायण उरांव, सोमरा उरांव, राजेश उरांव, गणपत उरांव के साथ पहन पूजा महतो उपस्थित थे।