शव मिलने से मची सनसनी, शादी के तीन महीने बाद ही उजड़ गयी गृहस्थी
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। जिले के बरमसिया रेलवे फाटक के पास ट्रेन से कटकर राहुल मांझी (35) की दर्दनाक मौत हो गयी। शादी के कुछ महीने बाद हुई इस घटना से परिजनों में मातम पसर गया है।
बताते चलें कि सदर थाना क्षेत्र के विनोद नगर निवासी राहुल की शुक्रवार देर रात बरमसिया रेलवे फाटक के समीप ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गयी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक ट्रेन के सामने आया था। घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गयी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की।
घरेलू विवाद की चर्चा, कारण स्पष्ट नहीं
प्रारंभिक जानकारी में घटना के पीछे घरेलू विवाद की बात सामने आ रही है। हालांकि, विवाद की प्रकृति क्या थी और उसका घटना से कोई संबंध था या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की ओर से भी आत्महत्या के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आयी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना से पहले युवक की परिस्थितियों और अन्य संभावित पहलुओं की जानकारी जुटायी जा रही है।