नक्सलियों के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता
एबीएन न्यूज नेटवर्क, पश्चिमी सिंहभूम। जिले के सारंडा जंगल में नक्सलियों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। छोटानागरा थाना क्षेत्र के बहरूदा गांव के जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखे गये दो शक्तिशाली केन बम बरामद किये गये हैं।
सुरक्षा बलों ने सतर्कता बरतते हुए दोनों विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। इससे इलाके में संभावित बड़ी घटना टल गयी। जानकारी के अनुसार, 193वीं बटालियन सीआरपीएफ और छोटानागरा थाना प्रभारी गौतम कुमार के नेतृत्व में सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम एरिया डोमिनेशन अभियान चला रही थी।
इसी दौरान कोयना नदी के किनारे पगडंडी पर जवानों को जमीन में छिपाकर रखे गये दो केन बम मिले। विस्फोटकों की बरामदगी के बाद सुरक्षा बलों ने तत्काल इलाके की घेराबंदी कर दी और बम निरोधक दस्ते की मदद से दोनों बमों को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने भी इसकी पुष्टि की है। इस बरामदगी को सुरक्षा के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
जिस स्थान से दोनों केन बम मिले हैं, वह कुछ महीने पहले हुए बड़े नक्सल विरोधी अभियान के मुठभेड़ स्थल से महज डेढ़ से दो किलोमीटर की दूरी पर है। उस मुठभेड़ में एक करोड़ रुपये के इनामी नक्सली अनल दा और 50 लाख रुपये के इनामी अनमोल दा समेत कुल 17 नक्सली मारे गये थे। थाना प्रभारी गौतम कुमार ने बताया कि नक्सलियों ने पूर्व में इन विस्फोटकों को जंगल में छिपाकर रखा था।
सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान के दौरान इनका पता लगाया और समय रहते निष्क्रिय कर दिया। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी गयी है। जंगल के अन्य हिस्सों में भी नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गये विस्फोटकों और संदिग्ध सामग्रियों की तलाश के लिए अभियान जारी है।