टंडवा के कल्याणपुर में कोयला वाहन की टक्कर से आटो सवार युवती की मौत, आटो चालक समेत दो गंभीर
एबीएन न्यूज नेटवर्क, चतरा। जिले के टंडवा-पिपरवार मुख्य मार्ग पर कल्याणपुर के समीप कोयला परिवहन में लगे एक अज्ञात भारी वाहन (हाईवा) ने आटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में मांडेर गांव निवासी बोन उरांव की 19 वर्षीय पुत्री झिमी कुमारी की मौत हो गयी, जबकि आटो चालक और एक अन्य युवती गंभीर रूप से घायल हो गये।
मृतका के पिता ने बताया कि उनकी बेटी बाजार से आॅटो में बैठकर घर लौट रही थी, तभी तेज रफ्तार कोल हाईवा ने टक्कर मार दी। टंडवा अस्पताल से रिम्स रांची ले जाने के दौरान रास्ते में ही युवती ने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया है।
गरीबों की आवाज के रूप में जानी जाने वाली गोरी देवी और परिजनों ने मृतका के परिवार को 20 लाख रुपये मुआवजा देने, घायलों के इलाज का पूरा खर्च उठाने तथा क्षेत्र में नियम विरुद्ध चल रही कोल और ऐश पौंड ढुलाई पर रोक लगाने की मांग को लेकर टंडवा-पिपरवार मुख्य सड़क को जाम कर दिया है।
सड़क जाम होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गयी हैं। मौके पर पहुंचे टंडवा थाना प्रभारी प्रभार मनीष कुमार ने बताया कि परिजनों का आरोप हाईवा की टक्कर का है, जबकि ट्रांसपोर्ट कंपनियां इससे इंकार कर रही हैं।
पुलिस घायलों के बयान के आधार पर सच्चाई का पता लगाने और जाम समाप्त कराने के लिए परिजनों से लगातार वार्ता कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर कोल ट्रांसपोर्टिंग के नाम पर सड़क सुरक्षा और लापरवाह यातायात व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।