Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
लाइव: 28
होम ई-पेपर देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन
झारखंड

धनबाद : बुजुर्ग के खाते से करीब 70 हजार की अवैध निकासी

शेयर करें: WhatsApp Facebook X Back to ePaper
धनबाद : बुजुर्ग के खाते से करीब 70 हजार की अवैध निकासी
विज्ञापन

एबीएन न्यूज नेटवर्क, झरिया (धनबाद)। जिले में साइबर अपराधियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। झरिया थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मोबाइल गुम होने के बाद एक 71 वर्षीय बुजुर्ग के दो बैंक खातों से 67,179 की अवैध निकासी कर ली गयी है। पीड़ित बुजुर्ग ने झरिया थाने में लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगायी है। 

जानकारी के अनुसार पीड़ित उत्तम कुमार दत्ता, निवासी नियर उषा टॉकीज, थाना रोड, झरिया के रहनेवाले हैं। 21 अक्टूबर 2026 को सुबह 10 से 10:30 बजे के बीच झरिया में उनका मोबाइल फोन गुम हो गया था। समझदारी दिखाते हुए उन्होंने उसी दिन सुबह 11:30 बजे जियो कार्यालय जाकर अपना नंबर 93080 का सिम ब्लॉक करा दिया और 22 अक्टूबर को नया सिम लेकर दूसरे फोन में चालू भी कर लिया। 

उन्हें लगा कि अब सब सुरक्षित है। लेकिन ठगों ने अपना खेल पहले ही कर दिया था। 24 अक्टूबर 2026 को जब उन्होंने बैंक से आये मैसेज की जांच की, तो उनके होश उड़ गये। उनके दोनों खातों से पैसे निकाले जा चुके थे। जानकारी के अनुसार कैनरा बैंक झरिया शाखा में उनके खाते में 21 अक्टूबर को 30,216.61 थे जो घटकर 24 अक्टूबर को सिर्फ 42.61 रह गये। 

यानी 30,174 की निकासी कर ली गयी। वहीं बैंक आॅफ इंडिया झरिया शाखा में 37,716.91 से घटकर 711.01 रह गये, यानी 37,005.90 की निकासी। कुल मिलाकर दोनों खातों से 67,933.52 में से 67,179.90 निकाल लिये गये और खाते में सिर्फ 753.62 बचे। पीड़ित ने बताया कि ये लेन-देन उन्होंने स्वयं नहीं किये हैं और न ही किसी को अनुमति दी थी। 

इसके बाद 24 अक्टूबर को ही उन्होंने दोनों बैंकों के ग्राहक सेवा केंद्र पर फोन कर अपने खाते लॉक करवा दिये और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करायी, जिसका  एक्नॉलेजमेंट नंबर 33410260019845 है। पीड़ित ने झरिया थाना प्रभारी से मांग की है कि 21 से 24 अक्टूबर के बीच हुए संदिग्ध लेन-देन की जांच की जाये और उनकी राशि वापस दिलाने में सहायता की जाये। 71 वर्ष की उम्र में हुई इस घटना से उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ-साथ मानसिक परेशानी भी झेलनी पड़ रही है। 

पुलिस क्या कहती है और सीख क्या है 

फिलहाल शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गयी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम होते ही सबसे पहले सिम ब्लॉक के साथ-साथ बैंक खाते को भी तुरंत ब्लॉक करायें और 1930 पर शिकायत करें, क्योंकि आजकल मोबाइल में यूपीआई और बैंकिंग एप से ठग मिनटों में खाता खाली कर देते हैं।

विज्ञापन