एबीएन न्यूज नेटवर्क, कैरो/लोहरदगा। नालसा एवं झालसा के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार लोहरदगा के तत्वावधान में कैरो प्रखंड के सढाबे पंचायत के सढाबे गांव में कानूनी जागरुकता अभियान चलाया गया। प्राधिकार के अध्यक्ष सह प्रधान जिला सत्र न्यायाधीश राजकमल मिश्रा एवं सचिव मनोरंजन कुमार के मार्गदर्शन में एलईडी वैन के माध्यम से जागरुकता कार्यक्रम किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार की कार्यप्रणाली, नि:शुल्क कानूनी सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता तथा सिविल कोर्ट की प्रक्रियाओं के बारे में भी बताया गया। कार्यक्रम में उपस्थित पीएलवी ने साइबर क्राइम हेल्प लाइन नंबर 1930 के बारे में जानकारी दी तथा घरेलु हिंसा, वाहन दुर्घटना, बाल तस्करी, बाल विवाह, बाल श्रम, दहेज प्रथा, नशा मुक्ति, डायन बिसाही प्रथा, अंधविश्वास जैसे सामाजिक मुद्दों पर भी लोगों को जागरूक किया गया।
साथ ही सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं जैसे विकसित भारत, रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीन) (वीबी- जी राम जी), सरकारी आवास, पेंशन, स्वास्थ्य बीमा, फसल बीमा, प्राकृतिक आपदाओं से हुए नुकसान में मिलने वाले लाभ के बारे में भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया। मौके पर उपस्थित पीएलवी ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार का उदेश्य अंतिम व्यक्ति तक न्याय और कानून की पहुंच सुनिश्चित करना है।
डालसा के हेल्प लाइन 15100 के बारे में भी जानकारी दी गयी। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कार्यक्रम से अपने अधिकारों और सरकारी योजनाओं की सही जानकारी मिली। कार्यक्रम के दौरान पीएलवी धनेश्वर साहू, अशोक यादव, प्रियंका कुमारी, प्रदुमन सिंह एवं ग्रामीण उपस्थित थे।