लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप
महापौर संजीव सिंह ने अस्पताल पहुंच कर परिजनों से की मुलाकात
सात लाख रुपये मुआवजे पर बनी सहमति
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। जिले के सरायढेला स्थित प्रगति नर्सिंग होम में मंगलवार को मोनी परवीन (22) की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। लोयाबाद निवासी मोनी करीब डेढ़ माह पहले पथरी का आॅपरेशन कराने के बाद मंगलवार को स्टेंट निकलवाने अस्पताल पहुंची थी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी।
परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और संबंधित चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। देर रात धनबाद महापौर संजीव सिंह ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों और प्रबंधन से किया वार्ता। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन की ओर से सात लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने पर सहमति बनी। वार्ता के बाद परिजन शव लेकर रवाना हो गये।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद पहले पैसे जमा करने का दबाव बनाया गया। इसके बाद मोनी को आॅपरेशन थिएटर ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गयी। घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनाव की स्थिति बन गयी है। मेयर संजीव सिंह ने परिजनों से घटना की जानकारी लेने के बाद अस्पताल प्रबंधन से बातचीत की। वार्ता के दौरान मृतका के छोटे बच्चों के भविष्य और परिवार की आर्थिक स्थिति का मुद्दा भी उठा।
मेयर ने कहा कि दुख की इस घड़ी में परिवार को सहयोग दिलाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने चिकित्सकीय जांच के बिना मौत के कारण या लापरवाही पर टिप्पणी करने से परहेज किया। मौत की वास्तविक वजह और इलाज में लापरवाही के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।