साहेबगंज में अजब प्रेम की गजब कहानी ने मचाया तहलका
10 साल की शादी, 2 बच्चों की मां पूनम को पड़ोसी करण से हुआ प्यार
पति अशोक ने पहले समझाया, फिर रोया, फिर खुद ही गांव के सामने प्रेमी से भरवाया सिंदूर
बोला- तू खुश रह, मैं बच्चों को संभाल लूंगा, पूरा गांव हुआ भावुक
एबीएन न्यूज नेटवर्क, मिर्जाचौकी/ साहेबगंज। झारखंड के साहेबगंज जिले के मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र के महादेव बबरन गांव में एक ऐसी घटना हुई है जिसने पूरे झारखंड ही नहीं, पूरे देश को हैरान कर दिया है। यहां एक पति ने अपनी 10 साल की शादीशुदा पत्नी की शादी उसके प्रेमी से खुद अपने हाथों से करा दी।
यह कहानी किसी फिल्म की नहीं, बल्कि बिल्कुल सच्ची है। गांव में अब सिर्फ इसी की चर्चा हो रही है। लोग कह रहे हैं- ऐसा पति भगवान भी किसी को न दे, और ऐसा त्याग दुनिया में कहीं देखने को नहीं मिलेगा।
कैसे शुरू हुई यह प्रेम कहानी?
अशोक मोहाली की शादी करीब 10 साल पहले पूनम देवी से हुई थी। शादी के बाद दोनों का जीवन ठीक-ठाक चल रहा था। दोनों के दो प्यारे-प्यारे बच्चे भी हैं। अशोक मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पालता था। पूनम घर संभालती थी। लेकिन कहते हैं ना, प्यार कब, कहां, किससे हो जाये, कोई नहीं जानता।
इसी बीच पूनम की नजदीकियां अपने पड़ोसी करण मोहाली से बढ़ने लगीं। करण भी उसी गांव का रहने वाला है। दोनों रोज मिलते थे, बातें करते थे, धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गयी। गांव के लोगों को भी दोनों के प्रेम-प्रसंग की भनक लगने लगी थी। लोग आपस में कानाफूसी करने लगे थे कि पूनम और करण के बीच कुछ चल रहा है।
पति को जब पता चला, तो टूट गया दिल
एक दिन पति अशोक को इस बात का पता चला कि उसकी पत्नी का पड़ोसी करण के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा है। यह सुनकर अशोक के पैरों तले जमीन खिसक गयी। उसका दिल टूट गया।
अशोक ने पहले गुस्सा नहीं किया, उसने पत्नी को प्यार से समझाने की कोशिश की। उसने कहा- पूनम, हमारे दो बच्चे हैं, 10 साल की शादी है, समाज क्या कहेगा, बच्चों का क्या होगा? करण को भूल जाओ, मैं तुम्हें माफ कर दूंगा। लेकिन पूनम ने साफ-साफ मना कर दिया। कहा कि मैं करण के बिना नहीं रह सकती। मुझे करण ही चाहिए। मैं उसके साथ ही खुश रहूंगी। आप मुझे छोड़ दीजिये।
पत्नी की यह बात सुनकर अशोक अंदर से टूट गया। उसने कई दिन तक सोचा। रोया। गांव के बड़े-बुजुर्गों से भी बात की। फिर पति ने लिया सबसे बड़ा फैसला- मैं खुद ही शादी करा दूंगा। आखिर में अशोक ने सोचा कि अगर जबरदस्ती पत्नी को रोकूंगा तो रोज झगड़ा होगा, मारपीट होगी, हो सकता है कोई बड़ी घटना हो जाये, किसी की जान चली जाये।
आजकल प्रेम प्रसंग में हत्या की खबरें रोज आ रही हैं। इसलिए अशोक ने बड़ा दिल दिखाते हुए फैसला लिया कि अगर पूनम करण के साथ ही खुश है तो मैं उसे खुशी-खुशी विदा कर दूंगा। मैं खुद ही दोनों की शादी करा दूंगा। यह फैसला सुनकर गांव वाले भी हैरान रह गये। किसी को विश्वास नहीं हो रहा था कि कोई पति ऐसा भी कर सकता है।
गांव के सामने हुआ सिंदूरदान, पति बना साक्षी
इसके बाद महादेव बबरन गांव में ही एक छोटा सा कार्यक्रम हुआ। गांव के लोग, बड़े-बुजुर्ग, पंचायत के लोग मौजूद थे। सबके सामने करण मोहाली ने पूनम देवी की मांग में सिंदूर भरा। पूनम ने करण को अपना पति मान लिया। इस पूरे कार्यक्रम में पति अशोक मोहाली खुद खड़ा होकर साक्षी बना। उसने खुद ही दोनों की शादी करवाई और दोनों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि तुम दोनों खुश रहो। मैं अपने बच्चों को संभाल लूंगा। तू जहां खुश है, वहीं रह। यह नजारा देखकर वहां मौजूद कई लोगों की आंखें भर आयी।
अब क्या होगा? 2 बच्चों का क्या होगा?
इस शादी के बाद सबसे बड़ा सवाल दो बच्चों के भविष्य को लेकर उठ रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे फिलहाल अपने पिता अशोक के पास ही रहेंगे। अशोक ने कहा है कि वह अपने बच्चों की परवरिश अकेले करेगा। वह उन्हें मां की कमी महसूस नहीं होने देगा। वहीं पूनम अब अपने प्रेमी यानी नये पति करण के साथ रहने लगी है।
गांव में दो तरह की चर्चा, लोग कर रहे तारीफ भी और सवाल भी
घटना के बाद पूरे गांव में दो तरह की चर्चा हो रही है कि तारीफ करने वाले लोग कह रहे हैं। अशोक ने बहुत बड़ा त्याग किया है। उसने खून-खराबे की बजाय शांति का रास्ता चुना। अगर वह चाहता तो झगड़ा कर सकता था, मारपीट कर सकता था। लेकिन उसने इंसानियत दिखाई। ऐसा पति लाखों में एक होता है।
सवाल उठाने वाले लोग कह रहे हैं कि 10 साल की शादी और 2 बच्चों को छोड़कर जाना सही है क्या? बच्चों का क्या दोष था? क्या प्यार के लिए बच्चों को छोड़ देना सही है? लेकिन ज्यादातर लोग अशोक के त्याग की तारीफ कर रहे हैं। उनका कहना है कि अशोक ने साबित कर दिया कि सच्चा प्यार छोड़ देने में भी होता है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है कहानी
यह कहानी अब गांव से निकलकर सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है। लोग इस खबर को खूब शेयर कर रहे हैं। कोई अशोक को महान पति बता रहा है, तो कोई पूनम और करण की प्रेम कहानी को सच्चा प्यार बता रहा है। साहेबगंज की यह अजब प्रेम की गजब कहानी अब पूरे झारखंड में चर्चा का विषय बन गयी है।