हातु गांव में घुसा 23 हाथियों का झुंड, खदेड़ने के दौरान एक व्यक्ति को पटककर उतारा मौत के घाट
एबीएन न्यूज नेटवर्क, गुमला। जिले के कामडारा थाना क्षेत्र के बुरु हातु गांव में आज सोमवार अहले सुबह जंगली हाथियों के झुंड ने 45 वर्षीय निकोलस टोपनो को कुचलकर मार डाला। घटना सुबह करीब 3 बजे की बतायी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में विचरण कर रहे 23 हाथियों का झुंड रात में गांव पहुंच गया। हाथियों ने पहले खेतों में लगी फसलों को नुकसान पहुंचाया, फिर गांव की ओर बढ़ने लगे। हाथियों को भगाने के लिए ग्रामीण मशाल, पटाखे और टॉर्च लेकर जुट गये।
निकोलस टोपनो भी हाथियों को खदेड़ने में शामिल था। इसी दौरान वह हाथियों के झुंड के नजदीक चले गये। झुंड में चार शावक भी शामिल थे। इसी बीच बौखलाये हाथियों ने निकोलस को घेर लिया और सूंड से उठाकर पटक दिया। इसके बाद उन्हें पैरों से कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गयी।
हाथियों के हमले में उसका शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। बाद में ग्रामीणों ने किसी तरह हाथियों के झुंड को जंगल की ओर खदेड़ा। घटना की सूचना मिलने पर सोमवार की सुबह करीब नौ बजे बसिया अनुमंडल के वनपाल शेखर सिंह टीम के साथ गांव पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात की।
वन विभाग ने तत्काल सहायता के रूप में 20 हजार रुपये नकद और 80 हजार रुपये का चेक दिया। वनपाल ने बताया कि नियमानुसार मृतक के परिवार को कुल 10 लाख रुपये मुआवजा दिया जायेगा। इधर, कामडारा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।