101 किलो केसरिया खीर का हुआ वितरण, भजन-कीर्तन में कृष्णमय हुआ मंदिर परिसर
टीम एबीएन, रांची। परमहंस डॉ. सदानंद जी महाराज के सानिध्य में एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित पुंदाग स्थित श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम मंदिर में शरद पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर मंदिर में श्री राधा रानी राज श्यामा जी का आकर्षक जड़ित आभूषणों से भव्य श्रृंगार किया गया।
पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। महोत्सव के दौरान पुजारी पंडित अरविंद पांडेय ने विधिवत मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना संपन्न करायी तथा भगवान को 101 किलो केसरिया खीर का भोग अर्पित किया। इसके पश्चात ट्रस्ट की अन्नपूर्णा सेवा के अंतर्गत श्रद्धालुओं के बीच खीर प्रसाद का वितरण किया गया।
प्रसाद ग्रहण करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। अपराह्न दो बजे से आयोजित भजन-जागरण में ट्रस्ट के भजन गायक मनीष सोनी एवं ट्रस्ट की महिला समिति की सदस्यों ने एक से बढ़कर एक सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी। श्रीकृष्ण की भक्ति से ओतप्रोत भजनों से पूरा मंदिर परिसर कृष्णमय हो उठा। भक्ति संगीत की मधुर धुनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते और भगवान श्रीकृष्ण की आराधना करते नजर आये।
संध्या समय सामूहिक महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सुख-समृद्धि की कामना की। ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर खीर प्रसाद को रात्रि में चंद्रमा की चांदनी में रखा जायेगा। अगले दिन प्रात:काल भगवान को पुन: भोग अर्पित करने के बाद श्रद्धालुओं के बीच खीर प्रसाद वितरित किया जायेगा।
मौके पर ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, मधुसूदन जाजोदिया, अरविंद अग्रवाल, नंदकिशोर चौधरी, पूरणमल सर्राफ, पवन कुमार पोद्दार, सुनील पोद्दार, विधा देवी अग्रवाल, दीपिका मोतिका, आशा सिंह, आशा मिश्रा, नंद रानी पाठक, संतोष देवी अग्रवाल सुनीता अग्रवाल, संजय सर्राफ सहित ट्रस्ट के अन्य सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।