- प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की बैठक से पहले प्रदेश प्रभारियों ने की मंत्रणा
- राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह
टीम एबीएन, रांची। आदित्य साहू के नेतृत्व में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 24-25 अक्टूबर को रांची के सुकुरहुटू स्थित एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित की जाएगी।
दो दिवसीय इस कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन करेंगे। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से पहले आज शुक्रवार को आदित्य साहू के नेतृत्व में पार्टी कार्यालय में प्रदेश प्रभारियों की बैठक हुई. इस बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने की।
बैठक में झारखंड प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल, सह प्रभारी निवेदिता सिंह, राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप वर्मा, राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) सौदान सिंह, संगठन मंत्री झारखंड पवन साय उपस्थित थे। करीब ढाई घंटे तक चली इस बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन और उनके स्वागत के लिए आयोजित होनेवाले कार्यक्रमों और प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में लिए जाने वाले प्रमुख एजेंडों पर विचार-विमर्श किया गया।
प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन करेंगे। दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक कई सत्रों में आयोजित होगी। उद्घाटन सत्र को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन संबोधित करेंगे।
राजनीतिक प्रस्ताव सहित कई मुद्दों पर होगी चर्चा
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भारतीय जनता पार्टी के द्वारा जहां वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की जाएगी, वहीं राजनीतिक प्रस्ताव भी पारित किए जाएंगे। बैठक के पश्चात प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने मीडिया को बताया कि 24 व 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के संदर्भ में आज बैठक में पार्टी के पदाधिकारियों के साथ चर्चा की गई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के झारखंड आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है। उनके स्वागत और विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर संगठन के सभी स्तरों पर कार्यकर्ता पूरी सक्रियता के साथ जुटे हुए हैं। इसके लिए पार्टी के पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेवारी सौंपी गई है।
उनकी जिम्मेवारी व दायित्व के बारे में उन्हें विस्तार से जानकारी दी गई है। गणेश मिश्रा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है, जिसका आधार उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष का झारखंड आगमन प्रदेश के कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह और प्रेरणादायक है।
कार्यकर्ता उनके स्वागत व प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को सफल, व्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रवास के दौरान होने वाली विभिन्न बैठकों और कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की गई है, ताकि सभी कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हों।