मां दुर्गा के किये दर्शन, कमेटी ने किया भव्य नागरिक अभिनंदन
एबीएन न्यूज नेटवर्क, कतरास (धनबाद)। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर कतरास स्थित जीएनएम हाई स्कूल मैदान के भव्य दुर्गा पूजा पंडाल में पूर्व बियाडा अध्यक्ष सह वरिष्ठ समाजसेवी विजय कुमार झा एवं मंडल समाज के प्रमुख नेता गौतम मंडल ने पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की समृद्धि और शांति की कामना की। मंडप आगमन पर पूजा कमेटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने दोनों अतिथियों का जोरदार एवं आत्मीय स्वागत किया।
कमेटी के सक्रिय सदस्य सोनू शर्मा, बबलू चौरसिया और रामजी हजारी ने विजय झा एवं गौतम मंडल को पारंपरिक बैच पहनाकर तथा अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। वहीं कमेटी के सचिव अमन जायसवाल ने विजय झा को स्मृति चिह्न (मोमेंटो) प्रदान कर उनका विशेष अभिनंदन किया। इस गरिमामयी अवसर पर कमेटी के सदस्य गणेश मोदक ने जानेमाने आरटीआई कार्यकर्ता सह पत्रकार अरबिन्द सिन्हा को भी पारंपरिक बैच देकर सम्मानित किया।
भव्य पंडाल, आकर्षक प्रतिमा और शानदार व्यवस्था की जितनी प्रशंसा की जाये कम है : विजय कुमार झा
पूजा पंडाल की नयनाभिराम भव्यता, मां दुर्गा की आकर्षक एवं अलौकिक प्रतिमा और सुव्यवस्थित आयोजन को देखकर विजय कुमार झा ने कमेटी की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से जीएनएम हाई स्कूल मैदान कतरास में आयोजित हो रही यह विशाल दुर्गा पूजा केवल कतरास ही नहीं, बल्कि पूरे कोयलांचल और झारखंड प्रदेश में अपनी एक अलग पहचान बना चुकी है। कमेटी के युवाओं और सदस्यों की मेहनत ने कतरास का नाम पूरे राज्य में गौरवान्वित किया है।
उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि मां दुर्गा का आशीर्वाद कतरास के हर नागरिक पर बना रहे। समाज में भाइचारा और सद्भाव बनाए रखने का संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को इंसानियत और मानवता के धर्म को अपनाना चाहिए, क्योंकि इसी पथ पर चलकर सर्वप्राणी का कल्याण संभव है।
कार्यक्रम के दौरान भक्तिमय वातावरण में पूजा कमेटी के सचिव अमन जायसवाल, पूर्व सचिव मुकेश भट्ट, सोनू शर्मा, कुलदीप सिंह, गणेश मोदक, रामजी हजारी, कौशल सिन्हा, बबलू चौरसिया और अमन सिन्हा सहित क्षेत्र के कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।