टीम एबीएन, रांची। ठाकुरगांव थाना क्षेत्र के बैंक मोड़ चौक के पास बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। हादसे में गुरुगाईं गांव निवासी बुतुरू साहू की पुत्री मिठू कुमारी उर्फ मिठू (14) गंभीर रूप से घायल हो गयी।
वह ठाकुरगांव स्थित आदिवासी बाल विकास विद्यालय में नौवीं कक्षा की छात्रा थी। जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो (जेएच 01 सीजे 6266) तेज रफ्तार में रातू से बुढ़मू की ओर जा रही थी। इसी दौरान बैंक मोड़ चौक के पास हादसा हुआ।
दुर्घटना इतनी भीषण थी कि छात्रा का दाहिना पैर शरीर से कटकर अलग हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। स्थानीय लोगों के बीच घटना को लेकर दुख और आक्रोश देखा गया। हादसे के बाद छात्रा की स्थिति गंभीर बतायी गयी।