- लोहरदगा : माँ दुर्गा के जयघोष से गूंजा हटिया गार्डेन
- पूर्व डिप्टी चेयरमैन बलराम साहू ने किया पूजा पंडाल का भव्य उद्घाटन
- श्रद्धा और समर्पण के साथ एकता व सद्भाव का संदेश दे रही हटिया गार्डेन दुर्गा पूजा समिति : बलराम साहू
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। महाअष्टमी के पावन अवसर पर हटिया गार्डेन दुर्गा पूजा समिति के तत्वावधान में आयोजित दुर्गोत्सव का वातावरण भक्ति, आस्था और सांस्कृतिक उल्लास से सराबोर रहा। माँ दुर्गा के जयघोष से पूरा परिसर गुंजायमान रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व डिप्टी चेयरमैन बलराम साहू ने विधिवत फीता काटकर भव्य पूजा पंडाल का उद्घाटन किया। उनके आगमन पर समिति की ओर से पारंपरिक ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया।
समिति के अध्यक्ष निखिल राज ने मुख्य अतिथि बलराम साहू, विशिष्ट अतिथि SDPO लोहरदगा श्रद्धा केरकेट्टा, SDPO किस्को दिवाकर कुमार, आजीवन संरक्षक दुर्गा प्रसाद सोनी, केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के महामंत्री कुणाल वर्मा, समाजसेवी चंदन गोयल,वार्ड पार्षद कुमार अभिषेक, रश्मि देवी, रुद्र कुमार सहित अन्य अतिथियों को माता रानी की चुनरी भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने फीता काटकर पूजा पंडाल का विधिवत उद्घाटन किया।
उद्घाटन के पश्चात सभी अतिथियों ने सामूहिक रूप से महाआरती में हिस्सा लिया और माता रानी के चरणों में पुष्पांजलि अर्पित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान समिति के दिवंगत संरक्षक राजेंद्र खत्री को श्रद्धापूर्वक श्रद्धांजलि अर्पित की गई। तत्पश्चात मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
माता रानी के दरबार में प्रस्तुत भव्य गंगा आरती ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक भाव से अभिभूत कर दिया। इसके बाद पूजा समिति द्वारा आयोजित नृत्य प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। विभिन्न डांस अकादमियों की टीमों ने आकर्षक प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।
ऑफिशियल लोहरदगा डांस अकादमी की टीम ने नवदुर्गा थीम पर आधारित शानदार प्रस्तुति देकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को मुख्य अतिथि बलराम साहू ने मोमेंटो एवं नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।
इस अवसर पर बलराम साहू ने कहा कि माँ दुर्गा के पावन दरबार में उपस्थित होकर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त करना उनके लिए सौभाग्य और गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि हटिया गार्डेन दुर्गा पूजा समिति श्रद्धा और समर्पण के साथ एकता एवं सद्भाव का संदेश दे रही है। ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने तथा आपसी भाईचारे को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
आजीवन संरक्षक दुर्गा प्रसाद सोनी ने कहा कि माँ दुर्गा की आराधना केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि समाज में संस्कार, सद्भाव और एकजुटता को सुदृढ़ करने का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि समिति प्रत्येक वर्ष श्रद्धा और सामूहिक सहभागिता के साथ दुर्गोत्सव का आयोजन करती है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में समिति के सदस्यों, कलाकारों एवं श्रद्धालुओं के सहयोग के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम में राजेश महतो, धनंजय कांस्यकार, विकास वर्मा, कृतिक कुमार, कमलेश कुमार, आशुतोष पाठक, अवशेष पाठक, रोहन कुमार, हर्ष कुमार सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अभिषेक किसलय ने सभी अतिथियों, समिति के पदाधिकारियों, कलाकारों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।