मारदू दुष्कर्म-हत्याकांड
- दोषियों के नामों की घोषणा तक अंतिम संस्कार नहीं करेंगे ग्रामीण, देवेन्द्र नाथ महतो कल से मौके पर डटे हुए हैं
- जब तक पुलिस आरोपियों की पहचान सार्वजनिक नहीं करती, तब तक अंतिम संस्कार नहीं होगा : देवेन्द्र नाथ महतो
एबीएन न्यूज नेटवर्क, सिल्ली। सिल्ली-मुरी क्षेत्र के मारदू गांव में नाबालिग बच्ची के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म एवं हत्या के मामले में पोस्टमार्टम के बाद पार्थिव शरीर सिल्ली पहुँच गया। विशेष टीम गठित कर वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया गया। देवेन्द्र नाथ महतो ने पुलिस अधिकारियों से बातचीत कर मामले की जानकारी ली।
शव पहुँचने के बाद ग्रामीण आरोपियों के नामों की आधिकारिक घोषणा की मांग पर अड़ गए। प्रशासन ने बताया कि आरोपियों को पकड़ लिया गया है और कल प्रेस कॉन्फ्रेंस में नामों की घोषणा की जाएगी। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि घोषणा होने तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। मौके पर विधायक अमित महतो एवं पूर्व मंत्री सुदेश कुमार महतो भी पहुँचे।
देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा, जब तक पुलिस आरोपियों की पहचान सार्वजनिक नहीं करती, तब तक अंतिम संस्कार नहीं होगा। प्रशासन इस मामले में लीपापोती करने का प्रयास न करे। यह घटना किसी एक व्यक्ति तक सीमित है या इसमें अन्य लोग भी शामिल हैं, इसकी गहन जांच होनी चाहिए।
किसी भी दोषी को बचाया नहीं जाए और किसी निर्दोष को फंसाया भी नहीं जाए। सभी दोषियों की पहचान कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और कानून के तहत कठोरतम सजा सुनिश्चित की जाए। हमारी मांग है- सच्चाई सामने आए, सभी दोषियों की पहचान हो और पीड़ित परिवार को न्याय मिले।