- पलाम : सोन नदी के विसर्जन घाटों पर सुरक्षा का पहरा, एसडीपीओ ने लिया जायजा
- देवरी कला और दंगवार घाटों का अधिकारियों ने किया निरीक्षण
- मूर्ति विसर्जन के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को लेकर सतर्कता
एबीएन न्यूज नेटवर्क, हुसैनाबाद, पलामू। दुर्गापूजा के बाद प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए हुसैनाबाद पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के देवरी कला एवं दंगवार स्थित सोन नदी के विसर्जन घाटों का अधिकारियों ने निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण में हुसैनाबाद के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिव्यांश शुक्ल, अंचल अधिकारी पंकज कुमार, थाना प्रभारी चंदन कुमार, देवरी ओपी प्रभारी राजू कुमार गुप्ता तथा दंगवार पिकेट के पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने विसर्जन घाटों की स्थिति का जायजा लेते हुए पर्व के समापन तक सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि हुसैनाबाद शहरी क्षेत्र के साथ हुसैनाबाद थाना, देवरी ओपी एवं दंगवार पिकेट क्षेत्र के विभिन्न गांवों की दुर्गापूजा समितियों की प्रतिमाओं का विसर्जन देवरी कला और दंगवार स्थित सोन नदी घाटों पर किया जाता है।
विसर्जन के दिन शाम सात बजे से रात 10:30 बजे तक श्रद्धालुओं की आवाजाही और प्रतिमा विसर्जन का सिलसिला चलता है। इस दौरान सोन नदी के तट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है। ऐसे में घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना पुलिस-प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण चुनौती होती है। अधिकारियों के निरीक्षण को इसी दृष्टिकोण से अहम माना जा रहा है।
उद्देश्य है कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा भीड़ के बीच किसी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके। पुलिस-प्रशासन की सक्रियता से उम्मीद है कि दुर्गापूजा का समापन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होगा और श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन कर सकेंगे।