- लोहरदगा : पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू ने किया माँ चंडी नवयुवक संघ दुर्गा पूजा समिति मिशन चौक के पूजा पंडाल का उद्घाटन
- दुर्गापूजा हमारी आस्था के साथ सामाजिक एकता का भी महापर्व : धीरज प्रसाद साहु
- मां दुर्गा की कृपा से समाज में सुख, शांति और समृद्धि का हो विस्तार : निशिथ जायसवाल
एबीएन न्यूज नेटवर्क, मिशन चौक (लोहरदगा)। मिशन चौक स्थित जय मां चंडी नवयुवक संघ दुर्गा पूजा समिति के भव्य पूजा पंडाल का उद्घाटन रविवार को पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में लोहरदगा एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा एवं किस्को एसडीपीओ दिवाकर कुमार मौजूद रहे। वहीं केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के महामंत्री कुणाल वर्मा एवं दीपांकर साहू सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं अभिनंदन से हुआ।
पूजा समिति के अध्यक्ष निशिथ जायसवाल ने मुख्य अतिथि धीरज प्रसाद साहू का पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं मां दुर्गा की चुनरी ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने विधिवत फीता काटकर पूजा पंडाल का उद्घाटन किया। पंडाल उद्घाटन के उपरांत मां दुर्गा की आरती की गई, जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता की।
समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि दुर्गापूजा हमारी आस्था के साथ सामाजिक एकता का भी महापर्व है। मां दुर्गा शक्ति, साहस, धर्म और सत्य की प्रतीक हैं। यह पर्व समाज को एकजुट होकर सद्भाव एवं भाईचारे के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने मां दुर्गा से लोहरदगा जिले की सुख-शांति, समृद्धि एवं सर्वांगीण विकास की मंगलकामना की।
वहीं पूजा समिति के अध्यक्ष निशिथ जायसवाल ने कहा कि दुर्गापूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और आपसी सौहार्द का प्रतीक है। उन्होंने मां दुर्गा से प्रार्थना करते हुए कहा कि उनकी कृपा से लोहरदगा में शांति, समृद्धि एवं विकास का वातावरण निरंतर सुदृढ़ हो और समाज का प्रत्येक वर्ग सुखी एवं समृद्ध रहे।
कार्यक्रम में राजू महतो, मथुरा महतो, मनोज जायसवाल, सुनील जायसवाल, बाबलू जायसवाल, अरविंद जायसवाल, उमेश भगत, विनय अग्रवाल, पंकज जायसवाल, कुमार अभिषेक, निश्चय वर्मा, उज्ज्वल कुमार, विनय कुमार, निखिल कुमार, आलोक कुमार सहित पूजा समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। भक्ति एवं आस्था से परिपूर्ण वातावरण में मां दुर्गा के जयकारों से पूरा मिशन चौक गुंजायमान रहा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह एवं उल्लास देखने को मिला।