- दुर्गा पूजा मे विवाद के बाद मारपीट, युवक का सिर व हाथ जख्मी, महिला को गंभीर चोट
- ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से देवरी ओपी में दिया आवेदन, आरोपियों पर कार्रवाई की मांग
एबीएन न्यूज नेटवर्क, पलामू। हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के देवरी ओपी अंतर्गत पुरनाडीह गांव में दुर्गा पूजा के दौरान विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में एक युवक सोनू कुमार चौधरी 19 वर्ष का सिर और हाथ जख्मी हो गया, जबकि एक महिला रिंकू देवी 35 वर्ष को गंभीर चोट आई है।
महिला नवरात्री के पूजा के लिए उपवास मे थी, घायलों का इलाज हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल में कराया गया। घटना को लेकर ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से देवरी ओपी में आवेदन देकर मामले की जांच और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
बच्ची के साथ अशोभनीय व्यवहार का विरोध करने पर विवाद का आरोप
पूर्णाडीह के ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, दुर्गा पूजा के दौरान रात करीब 12 बजे कुछ युवक एक बच्ची के साथ कथित रूप से अशोभनीय व्यवहार कर रहे थे।
इस पर दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, जिसके बाद वे वहां से चले गए। हालांकि, आरोप है कि बाद में मूर्ति विसर्जन अथवा जपला जाने के दौरान संबंधित लोगों ने ग्रामीणों को जान से मारने की धमकी दी। इसकी सूचना उसी रात फोन के माध्यम से पुलिस को दिए जाने की बात भी आवेदन में कही गई है।
जपला जाने के दौरान रास्ते में घेरकर मारपीट
आवेदन के अनुसार, अगले दिन सुबह ग्रामीण तीन मोटरसाइकिलों से पूजा के प्रसाद लेने जपला जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक घर के पास कुछ लोगों ने उन्हें कथित रूप से घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंची महिलाओं के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।
आवेदन में राजन राम, राजा बाबू उर्फ मनोज राम, ऋषिकेश राम, पवन राम, कुंदन राम, नीरज राम, संजय राम, रामचंद्र राम, निकेश राम, आलोक कुमार चौधरी समेत अन्य लोगों के नाम का उल्लेख किया गया है। ग्रामीणों ने घटना में करीब तीन पुरुषों और एक महिला के घायल होने का दावा किया है।
धार्मिक कार्यक्रम में बाधा डालने का भी आरोप
ग्रामीणों ने आवेदन में आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान धार्मिक आयोजनों को लेकर आपत्तिजनक बातें कही गईं। उन्होंने भविष्य में भी किसी अप्रिय घटना की आशंका जताते हुए पुलिस से सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से देवरी ओपी मे आवेदन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, प्राथमिकी दर्ज करने और आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल, मामले में पुलिस छानबीन मे जुट गयी है ।