- कुड़ू में अनिल उरांव एवं बालकिशोर प्रसाद ने किया मां अम्बे दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन
- भाजपा कुड़ू मंडल अध्यक्ष कृष्णा मोदी सहित कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित, समिति ने अतिथियों का किया स्वागत एवं अभिनंदन
एबीएन न्यूज नेटवर्क, कुड़ू (लोहरदगा)। दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर कुड़ू में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। इसी क्रम में नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव एवं समाजसेवी बालकिशोर प्रसाद ने ब्लॉक मोड़ स्थित मां अम्बे दुर्गा पूजा समिति के पूजा पंडाल का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर दोनों अतिथियों ने मां दुर्गा के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम में भाजपा कुड़ू मंडल अध्यक्ष कृष्णा मोदी भी सम्मिलित हुए। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता नवीन कुमार टिंकू सहित संजय चौधरी, राजेश प्रसाद, शशि कुमार एवं सूरज प्रसाद साहू की गरिमामयी उपस्थिति रही।
मां अम्बे दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष रवि कुमार ने नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव को माता की चुनरी भेंटकर स्वागत एवं अभिनंदन किया। समिति के सदस्यों ने अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान शुभम कुमार, कुमार राहुल, संजय शाहा एवं नितेश ठाकुर सहित समिति के अन्य सदस्य और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव ने कुड़ू के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों जैसे जय माता दी दुर्गा पूजा समिति नीचे स्टैंड कुड़ू, देवी मंडप दुर्गा पूजा समिति, दुर्गा बाड़ी दुर्गा पूजा समिति बाजारटांड़, मां शक्ति दुर्गा पूजा समिति बस स्टैंड कुड़ू, शिव शक्ति दुर्गा पूजा समिति टाटी का भी भ्रमण किया।
सभी समिति के अध्यक्षों ने अनिल उरांव को माता का चुनरी भेंट करके अभिनंदन किया। दुर्गा पूजा को लेकर पूरे क्षेत्र में श्रद्धालुओं के बीच उत्साह और उमंग का माहौल है। विभिन्न पूजा पंडालों में मां दुर्गा की आराधना के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
दुर्गा पूजा का पर्व शक्ति, भक्ति, आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है। यह पर्व समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करने के साथ हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को भी जीवंत बनाए रखता है।