रत्नेश कुमार ने ट्वीट कर किया कार्रवाई की मांग
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। कतरास के रामकनाली क्षेत्र में कथित अवैध कोयला कारोबार और अवैध उत्खनन का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिलाध्यक्ष रत्नेश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट कर इस मामले में कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री, झारखंड पुलिस, धनबाद पुलिस और सीआईएसएफ को टैग कर क्षेत्र में कथित रूप से चल रहे अवैध कोयला कारोबार पर रोक लगाने की मांग की है।
रत्नेश कुमार का आरोप है कि रामकनाली क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन किया जा रहा है। जंगलों के बीच अवैध तरीके से निकाले गए कोयले का भंडारण किया जाता है और फिर रात के अंधेरे में ट्रकों पर लोड कर उसे भट्ठों तक पहुंचाया जाता है। उन्होंने यह भी कहा है कि क्षेत्र में कई अवैध मुहाने बनाकर कोयले का उत्खनन किया जा रहा है।
सीआईएसएफ की सख्ती के बावजूद अवैध खनन कैसे?
रत्नेश कुमार ने सीआईएसएफ की कथित सख्ती के बावजूद रामकनाली क्षेत्र में अवैध खनन और कोयले के भंडारण का खेल धड़ल्ले से जारी है। उनका कहना है कि फोटो और वीडियो में जंगलों के बीच कोयला जमा किए जाने और रात में उसकी ढुलाई किए जाने के संकेत दिखाई देते हैं।
आखिर कोयला तस्करों पर किसका आशीर्वाद प्राप्त है जो खुलेआम अवैध कोयला कारोबार बड़े पैमाने पर चलाया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की जांच कराने, कथित अवैध खनन स्थलों की पहचान करने और अवैध कोयला कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।