- हुसैनाबाद पुलिस की बड़ी सफलता, बाइक चोर गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार; चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद
- नशे की लत और महंगे शौक पूरे करने के लिए करते थे बाइक चोरी
- एसडीपीओ सह आईपीएस दिव्यांश शुक्ल ने दी जानकारी
एबीएन न्यूज नेटवर्क, पलामू। हुसैनाबाद पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते हुए बाइक चोर गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से नंबर प्लेट हटाई गई चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के औरंगाबाद जिले के कुटुम्बा थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरा बगाही गांव के फेकु बीघा टोला निवासी बिट्टू कुमार (20) और अभिषेक कुमार सिंह (22) के रूप में हुई है।
इस संबंध में एसडीपीओ सह आईपीएस दिव्यांश शुक्ल ने जानकारी देते हुए बताया कि 15 अक्टूबर को रात हुसैनाबाद के हरिहर चौक-दंगवार रोड में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर तेजी से भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। जांच के दौरान दोनों मोटरसाइकिलों के वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की मोटरसाइकिल से जपला में मेला घूमने जाने की बात स्वीकार की। दोनों ने नशे की लत और महंगे शौक पूरे करने के लिए हुसैनाबाद, टंडवा, हरिहरगंज और नवीनगर समेत विभिन्न क्षेत्रों में मोटरसाइकिल चोरी करने की बात भी स्वीकार की है।
पुलिस ने बिट्टू कुमार के पास से नंबर प्लेट हटाई गई स्प्लेंडर प्लस और अभिषेक कुमार सिंह के पास से नंबर प्लेट हटाई गई मॉडिफाइड स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में पूर्व में गिरफ्तार सहयोगी रितेश कुमार के पास से भी चोरी की एक अन्य मोटरसाइकिल बरामद की जा चुकी है। यह कार्रवाई हुसैनाबाद थाना कांड संख्या 199/2026, दिनांक 30 सितंबर 2026 के तहत की गई है।
पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। छापेमारी दल में इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी चंदन कुमार, एस आई विमल कुमार,एस आई संतोष कुमार दास, एस आई छत्रधारी कुमार और हुसैनाबाद थाना के सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे।