- हुसैनाबाद के कठौंधा गांव के युवा चेहरा अली हसन बसपा में शामिल
- प्रदेश कार्यालय रांची में ली विधिवत सदस्यता, क्षेत्र के पुराने बसपा कार्यकर्ताओं में हर्ष
एबीएन न्यूज नेटवर्क, हुसैनाबाद, पलामू। प्रखंड क्षेत्र के कठौंधा गांव के एक नए और युवा चेहरे अली हसन ने बीते दिनों राज्य की राजधानी रांची के लोवर चुटिया स्थित प्रदेश कार्यालय में बहुजन समाज पार्टी का दामन थामा और सक्रिय राजनीति में आने का फैसला लिया।
हालांकि अभी राज्य में चुनाव की कोई सरगर्मी नहीं है, लेकिन बिना मौसम के अचानक एक युवा चेहरे का, वह भी अल्पसंख्यक अंसारी समाज से राजनीति में कदम रखना और बसपा का दामन थामना अपने आप में चर्चा का विषय बना हुआ है। क्योंकि हुसैनाबाद में बसपा का अच्छा-खासा प्रभावशाली कैडर है और पूर्व में विधायक कुशवाहा शिवपूजन मेहता को भारी मतों से जीत दर्ज कराने का भी रिकॉर्ड है। वहीं दूसरी बार शेर अली को पहली बार में ही 28 हजार से अधिक वोट मिलने का भी पार्टी का अद्भुत प्रयोग रहा है।
अली हसन को प्रदेश प्रभारी डॉ. लालजी मेधांकर और प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार राम ने बसपा का पट्टा और माला पहनाकर पार्टी में शामिल कराया और उज्ज्वल भविष्य की बधाई दी। अली हसन ने बताया कि मुझे शुरू से ही बहुजन समाज के लिए राजनीति करनी थी। मैं मान्यवर कांशीराम और बहन मायावती के विचारों से प्रभावित हूं और उनके आदर्शों को फॉलो भी करता हूं।
इधर पार्टी में शामिल होने के समय प्रदेश कार्यालय में पूर्व विधायक कुशवाहा शिवपूजन मेहता समेत हुसैनाबाद के चेयरमैन अजय भारती और पूर्व विधानसभा प्रत्याशी शेर अली समेत कई लोगों ने बधाई दी। वहीं हुसैनाबाद के स्थानीय नेताओं में हरि यादव, वीरेंद्र राम, मदन भारती, प्रदीप मेहता, सागर राम, सद्दाम अंसारी, डॉ. जेड आलम, नूरुल खान, इजरार खान, चितरंजन दास समेत कई लोगों ने हर्ष जताया है।