Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
लाइव: 18
होम देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन
झारखंड

धनबाद : फुटबॉल मैदान से बस्ती तक पहुंच गया खूनी बवाल

शेयर करें: WhatsApp Facebook X Back to ePaper
धनबाद : फुटबॉल मैदान से बस्ती तक पहुंच गया खूनी बवाल
विज्ञापन

फुटबॉल के मैदान से बस्ती तक खूनी बवाल! धनबाद बांसजोड़ा में महिलाओं-बच्चों से मारपीट, गर्भवती महिला को भी नहीं बख्शने का आरोप; सड़क पर उतरे ग्रामीण 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। धनबाद के बांसजोड़ा में नाइट फुटबॉल टूर्नामेंट का विवाद शुक्रवार सुबह हिंसक झड़प में बदल गया। खरखरी ओपी क्षेत्र में हुई इस घटना ने पूरे इलाके में तनाव पैदा कर दिया। मारपीट में एक दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है। आरोप है कि महिलाओं, बच्चों और एक गर्भवती महिला के साथ भी मारपीट की गयी। 

जानकारी के अनुसार, गुरुवार की रात करीब डेढ़ बजे फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल मैच के दौरान कतरास और फुलारीटांड़ के खिलाड़ियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंचे कमेटी के सदस्यों के साथ भी मारपीट की गयी। ग्रामीणों का आरोप है कि शुक्रवार सुबह फुलारीटांड़ खटाल समेत आसपास के इलाकों से 20 से 30 बाइकों पर सवार होकर लोग बांसजोड़ा पहुंचे। 

आरोप है कि लाठी-डंडों से लैस लोगों ने बस्ती में घुसकर मारपीट की। इस दौरान कई लोगों के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आयीं। बीच-बचाव के दौरान पथराव की भी सूचना है। भागने के क्रम में फुलारीटांड़ के एक युवक की मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आयी है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने गणेशपुर विद्युत पावर स्टेशन के समीप महुदा-नावागढ़ सड़क जाम कर दिया। 

ग्रामीण आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। उन्होंने खरखरी ओपी पुलिस पर घटना के दौरान मूकदर्शक बने रहने का आरोप भी लगाया। सूचना मिलने पर महुदा इंस्पेक्टर के साथ महुदा, मधुबन और सोनारडीह थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हालात संभालने का प्रयास किया, लेकिन सड़क जाम से आवागमन प्रभावित रहा और इलाके में तनाव बना रहा।

विज्ञापन