- जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, लंबित कार्यों में तेजी लाने का निर्देश
- सांसद सुखदेव भगत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, कृषि एवं शहरी विकास योजनाओं की हुई समीक्षा
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गयी। बैठक में गत बैठक में दिए गए निदेर्शों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया गया। इस दौरान लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने तथा संबंधित मामलों में जांच कर प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश पदाधिकारियों को दिया गया।
सड़क एवं आधारभूत संरचना योजनाओं की समीक्षा
बैठक में केरार-बुलबुल पथ, भक्सो ऐने नदी नगड़ा से बाघी पथ में निर्मित पुल, जीमा-बराटपुर चौक से संबंधित मामलों पर चर्चा हुई और आवश्यक निर्देश ग्रामीण कार्य विभाग को दिया गया। जिला अभियंता को सभी कनीय अभियंताओं के बीच योजनाओं का कार्य आवंटित करने का निर्देश दिया गया।
नदिया-इरगांव-भंडरा पथ के लिए अधिग्रहित भूमि के रैयतों को लंबित मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया पूर्ण करने का निर्देश पथ प्रमंडल, लोहरदगा को दिया गया। बैठक में बंडा पुल की गुणवत्ता की जांच कराने का निर्देश कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण कार्य विभाग (आरईओ) को दिया गया। वहीं, विधायक प्रतिनिधि द्वारा चिरी-लापुर पथ से संबंधित मामला भी उठाया गया।
पेयजल एवं स्वच्छता योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश
पेशरार, किस्को एवं भंडरा प्रखंड में हर घर नल योजना के तहत निर्मित अधूरे संरचनाओं की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल को दिया गया। साथ ही, स्वच्छ भारत मिशन सहित अन्य योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
किसानों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर
सांसद ने कहा कि कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी जिले के सभी किसानों तक पहुंचाई जाए, ताकि वे योजनाओं का लाभ लेने से वंचित न रहें। इसके लिए बीटीएम-एटीएम, कृषक मित्र एवं अन्य माध्यमों से किसानों को जागरूक करने तथा गांवों में नियमित रूप से किसान गोष्ठियों का आयोजन करने का निर्देश दिया गया।
आवास एवं शहरी विकास योजनाओं की समीक्षा
कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत लाभुकों के चयन में पूरी सावधानी बरतने तथा पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेजों की जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि अपात्र व्यक्तियों को योजना का लाभ नहीं मिले।
नगर परिषद के सफाई-कर्मियों के मानदेय भुगतान के संबंध में संबंध पृच्छा किये जाने पर आउटसोर्सिंग एजेंसी की ओर बताया गया कि संबंधित कर्मियों को सितंबर माह 2026 का भुगतान कर दिया गया है। मिशन चौक से बक्सीडीपा तक जलजमाव की समस्या की जांच कर प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद एवं कार्यपालक अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग को दिया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने का निर्देश
सिविल सर्जन, लोहरदगा को अस्पतालों में चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, शिकायत प्राप्त होने पर क्लिनिकल एस्टैब्लिशमेंट एक्ट के तहत अस्पतालों की जांच करने तथा जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, सदर अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन के संचालन की समुचित व्यवस्था करने को कहा गया। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत आवेदन सृजित कराने की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
खेलो इंडिया के तहत जिला में प्रशिक्षण
खेलो इंडिया से संबंधित विषय पर जिला खेल पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि भारत सरकार के खेलो इंडिया कार्यक्रम के तहत जिला में फुटबॉल खेल को बढ़ावा देने के लिए एक प्रशिक्षण केंद्र ललित नारायण स्टेडियम में बनाया गया है। इसके तहत 10 से 14 वर्ष की उम्र के बालक बालिकाओं का नामांकन लेकर फुटबॉल खेल का प्रशिक्षण देने के लिए एक प्रशिक्षक नियुक्त है। इस दिशा में यहां के बालक बालिकाओं को लगातार प्रमोट किया जा रहा है।
बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक में उपायुक्त संदीप कुमार मीना, पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, ग्रामीण विकास विभाग, झारखंड के संयुक्त सचिव शहंशाह अली खान, जिला परिषद अध्यक्ष सुखदेव उरांव, उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, परियोजना निदेशक आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, सिविल सर्जन डॉ. राजू कच्छप, सांसद प्रतिनिधि साजिद अहमद,सांसद के निजी सचिव आलोक कुमार साहू, विधायक के निजी सचिव संजय कुमार, बिशुनपुर विधायक प्रतिनिधि बिठू उरांव, सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।