मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलकर जतायी गहरी संवेदना
मां को खोने का दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता
दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़े हुए धीरज प्रसाद साहू
एबीएन न्यूज नेटवर्क, नेमरा/ लोहरदगा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने नेमरा पहुंचकर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता स्वर्गीय रूपी सोरेन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और इस कठिन समय में उनके तथा पूरे परिवार के प्रति सहानुभूति प्रकट की।
स्वर्गीय रूपी सोरेन के निधन से परिवार में छाए शोक के बीच धीरज प्रसाद साहू का नेमरा पहुंचना संवेदना और आत्मीयता का प्रतीक रहा। मां का साया सिर से उठ जाना जीवन की ऐसी पीड़ा है, जिसे शब्दों में पूरी तरह व्यक्त नहीं किया जा सकता। मां केवल परिवार का आधार ही नहीं, बल्कि जीवन की सबसे बड़ी ताकत, ममता का आंचल और हर मुश्किल में हौसला देने वाली शक्ति होती है।
उनके जाने से पैदा हुआ खालीपन समय के साथ भी पूरी तरह नहीं भर पाता। इस अवसर पर धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि मां को खोने का दुख जीवन की सबसे गहरी पीड़ाओं में से एक है। इस कठिन घड़ी में मेरी संवेदनाएं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके पूरे परिवार के साथ हैं।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति दें। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी इस मुलाकात के दौरान अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। इस दुखद अवसर पर अधिवक्ता सचितानंद चौधरी भी मौजूद थे।
सभी ने दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया। दुख की घड़ी में अपनों का साथ और संवेदना के दो शब्द पीड़ित हृदय को संबल देते हैं। धीरज प्रसाद साहू की यह मुलाकात इसी मानवीय भावना को दशार्ती है कि अपनों को खोने के दर्द में संवेदना, साथ और सहारा ही सबसे बड़ी शक्ति बनते हैं।