देवेन्द्र नाथ महतो के नेतृत्व में वार्ता सफल, मजदूरों की मांगों पर बनी सहमति
श्रम विभाग एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी रहे मौजूद
लिखित समझौते की सभी शर्तों को धरातल पर लागू कराना प्राथमिकता : देवेन्द्र नाथ महतो
टीम एबीएन, रांची। जिले के पांचा स्थित अब्रन डिजाइन प्राइवेट लिमिटेड कपड़ा फैक्ट्री में मजदूरों के अधिकार, उचित वेतन एवं सम्मानजनक व्यवहार की मांग को लेकर लगातार दो दिनों तक आंदोलन चला। झारखंड के आंदोलनकारी छात्र नेता एवं जेएलकेएम केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष दिशुम वीर बाबू देवेन्द्र नाथ महतो के नेतृत्व में चले इस आंदोलन के दौरान फैक्ट्री का काम ठप रहा। बड़ी संख्या में मजदूरों ने एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन और नारेबाजी की।
आंदोलन के दूसरे दिन कंपनी के डायरेक्टर बिरेन्द्र रावत एवं अन्य पदाधिकारियों के साथ लगभग 3-4 घंटे तक वार्ता हुई। वार्ता में श्रम विभाग के अधीक्षक एतवारी महतो, उदय कुमार, बुंडू, तमाड़ एवं खिजरी क्षेत्र के फैक्ट्री इंस्पेक्टर, बुंडू डीएसपी ओमप्रकाश तथा तैमारा थाना प्रभारी सहित संबंधित अधिकारी शामिल हुए। विभिन्न विभागों के मजदूर प्रतिनिधियों ने भी अपनी समस्याएं रखीं। वार्ता के बाद कंपनी प्रबंधन ने मजदूरों की प्रमुख मांगों पर सहमति जताते हुए लिखित आश्वासन दिया।
वार्ता में निम्न प्रमुख मांगों पर बनी सहमति
- वेतन में बढ़ोतरी : अकुशल मजदूरों का कुल सीटीसी 15,795 रुपये, अर्ध-कुशल मजदूरों का 16,430 रुपये तथा कुशल मजदूरों का 20,734 रुपये निर्धारित करने पर सहमति बनी।
- समय पर वेतन : प्रत्येक महीने की 1 से 10 तारीख के बीच वेतन भुगतान किया जायेगा।
- ओवरटाइम का भुगतान : रविवार एवं अन्य अवकाश के दिनों में काम करने तथा ओवरटाइम के लिए दोगुनी दर से भुगतान करने पर सहमति बनी, जो लागू श्रम कानूनों के अनुरूप होगा।
- आठ घंटे का कार्य : सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक का समय निर्धारित किया गया, जिसमें एक घंटे का अवकाश शामिल है। अतिरिक्त कार्य के लिए नियमानुसार भुगतान होगा।
- मजदूरों का सम्मान : गाली-गलौज एवं अपमानजनक व्यवहार की शिकायतों पर कार्रवाई और संबंधित एचआर एवं सुपरवाइजरों के व्यवहार की जांच की जायेगी।
- एडमिन पर कार्रवाई : मजदूरों के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले में एडमिन गौरव कुमार को निष्कासित करने पर सहमति बनी।
- शिकायत समितियों का पुनर्गठन : मजदूरों की समस्याओं और महिला कर्मचारियों के उत्पीड़न संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित समितियों का पुनर्गठन किया जायेगा।
- अवैध बर्खास्तगी पर रोक : कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई लागू श्रम कानूनों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुरूप की जायेगी।
आंदोलन में मजदूरों के साथ शामिल रहे जेएलकेएम के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता
इस आंदोलन में भारी संख्या में आंदोलनरत मजदूरों के समर्थन में जेएलकेएम के विभिन्न पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। इनमें प्रमंडल प्रवक्ता जयराम महतो, प्रखंड अध्यक्ष अजय, जिला वरीय उपाध्यक्ष भागीरथ मुंडा, जिला प्रवक्ता महावीर साहू, प्रमंडल महासचिव रामकृष्ण महतो, प्रमंडल सचिव प्रदीप महतो, जिला सचिव गणेश महतो, सिद्धार्थ महतो, प्रखंड सचिव जगन्नाथ, हरेंद्र एवं युवा मोर्चा अध्यक्ष राजेश्वर दास, अनंत महतो सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा
मजदूरों की एकजुटता और संघर्ष ने साबित कर दिया कि संगठित होकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ी जा सकती है। मजदूर किसी भी कंपनी की प्रगति की नींव होते हैं। उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार, उचित वेतन और श्रम कानूनों का पालन सुनिश्चित करना प्रबंधन की जिम्मेदारी है। यह जीत मजदूरों की एकता, संघर्ष और अधिकारों की जीत है। अब हमारी प्राथमिकता लिखित समझौते की सभी शर्तों को धरातल पर लागू कराना है।