टीम एबीएन, रांची। केंद्रीय मुख्यालय के आह्वान पर आज दिनांक 14 अक्टूबर को शहीद चौक, रांची पर 1 जुलाई 2027 से देय मंहगाई भत्ता एवं मंहगाई राहत की घोषणा नहीं किये जाने के कारण केंद्रीय कर्मचारियों एवं केंद्रीय पेंशनर्स और फैमिली पेंशनर्स में जबरदस्त आक्रोश एवं नाराजगी है।
पिछले कई वर्षों से दुर्गा पूजा से पूर्व मंहगाई भत्ता एवं मंहगाई राहत की बढ़ी हुई दरों की घोषणा कर दी जाती थी तथा भुगतान का आदेश भी केंद्र सरकार के संबंधित कार्यालय के द्वारा जारी कर दिया जाता है। लेकिन इस बार ना मंहगाई भत्ता/ राहत की घोषणा की गयी और न भुगतान का आदेश जारी किया गया।
जिसके कारण कर्मचारियों एवं पेंशनर्स में रोष है और देश भर में कर्मचारी संगठनों एवं पेंशनर्स एसोसिएशन द्वारा आंदोलन आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में रांची में भी आॅल इंडिया पोस्टल/ आर एम एस पेंशनर्स एसोसिएशन के द्वारा धरना - प्रदर्शन का आयोजन किया गया जिसका नेतृत्व राज्य सचिव ,एम जेड खान ने किया।
इस प्रदर्शन में के डी राय व्यथित, कार्यकारी अध्यक्ष, त्रिवेणी ठाकुर, उपाध्यक्ष, त्रिलोकी नाथ साहू, सैयद अख्तर शाह शाह, जयनारायण प्रसाद, जयराम प्रसाद, इसाक मिंज, हसीना ग्रेस तिग्गा,अनिल नवीन आदि उपस्थित थे। धरना-प्रदर्शन के पश्चात वित्त मंत्री, केंद्र सरकार, नई दिल्ली को ईमेल भेजकर मंहगाई भत्ता/ मंहगाई राहत की घोषणा एवं भुगतान का आदेश जारी किये जाने का अनुरोध किया गया।
धरना में इस बात पर नाराजगी जतायी गयी कि केंद्र सरकार ने 2021 से 18 महीने का मंहगाई भत्ता/ मंहगाई राहत का भुगतान रोक रखा है जो अब तक जारी नहीं किया गया है। मंहगाई भत्ते की बकाया किस्तों के भुगतान के लिए निरंतर केंद्रीय संगठनों एवं पेंशनर्स एसोसिएशन के द्वारा आंदोलन किया जा रहा है। उक्त जानकारी आॅल इंडिया पोस्टल/ आर एम एस पेंशनर्स एसोसिएशन, झारखंड, रांची के राज्य सचिव एम जेड खान (6201143329) ने दी।