कंपनी प्रबंधन मजदूरों के साथ कर रहा है मनमानी : देवेंद्र नाथ महतो
अर्बन डिजाइन प्राइवेट लिमिटेड, पांचा में श्रमिकों का आंदोलन
एबीएन न्यूज नेटवर्क, बुंडू/ रांची। तैमारा स्थित अर्बन डिजाइन प्राइवेट लिमिटेड, पांचा में आज श्रमिकों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार आंदोलन किया। आंदोलन में बड़ी संख्या में महिला श्रमिकों ने भी भाग लिया। आक्रोशित श्रमिकों ने अपनी मांगों को लेकर कंपनी के मुख्य द्वार को जाम कर दिया।
सूचना मिलने पर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो मौके पर पहुंचे और श्रमिकों के साथ टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। जिससे लगभग चार घंटे तक सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए स्थानीय थाना प्रभारी एवं डीएसपी पुलिस दल बल के साथ मौके पर पहुंचे।
प्रशासन की उपस्थिति में श्रमिकों ने कंपनी प्रबंधन के समक्ष अपनी मांगें रखीं —
- सरकारी निर्धारित दर के अनुसार मजदूरी का भुगतान किया जाए।
- निर्धारित तय तिथि पर नियमित रूप से वेतन का भुगतान सुनिश्चित किया जाये।
- श्रमिकों के साथ दुर्व्यवहार करने वाले एचआर कुमार गौरव की बर्खास्तगी।
- ओवरटाइम ड्यूटी का भुगतान स्लिप के साथ किया जाये।
- अनियमित प्रोडक्शन टास्क में नियंत्रण हो।
सड़क जाम के दौरान देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि किसी भी कंपनी की असली ताकत उसके मजदूर होते हैं। श्रमिकों के साथ दुर्व्यवहार व उनकी जायज मांगों की अनदेखी करना कतई स्वीकार्य नहीं है। कंपनी प्रबंधन को निर्धारित मानकों एवं श्रम नियमों के अनुरूप काम करना होगा। श्रमिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाना चाहिए।
आज के आंदोलन में सैकड़ों श्रमिकों के साथ देवेंद्र नाथ महतो, दमयंती मुंडा, बेबी महतो, हर्षवर्धन शर्मा, राजकिशोर कुशवाहा, गुना भगत, मुकेश महतो, राजेश्वर दास, अजय महतो आदि सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।