वार्डन की लापरवाही पर जतायी कड़ी नाराजगी
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। जिला के किस्को प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में एक हृदय विदारक घटना सामने आयी है। विद्यालय की कक्षा 7 की छात्रा सुनीता कुमारी, पिता तिसर लोहरा, निवासी - अगरडीह रनगढ़ा, किस्को की आज अचानक तबीयत बिगड़ने से मृत्यु हो गयी।
मिली जानकारी के अनुसार बच्ची की तबीयत आज अत्यधिक खराब होने पर उसे पहले किस्को अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे सदर अस्पताल, लोहरदगा रेफर कर दिया। सदर अस्पताल आने से कुछ देर बादचिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत जी ने इसे गंभीरता से लिया। उनके निर्देश पर उनके निजी सचिव आलोक कुमार साहू एवं सांसद स्वास्थ्य प्रतिनिधि सोनू कुरैशी तुरंत सदर अस्पताल पहुंचे और वस्तुस्थिति का जायजा लिया।
श्री साहू सदर अस्पताल में बच्ची के माता-पिता से वार्ता किया तो उनके माता-पिता ने बताया उनकी बच्ची ने रास्ते में कहा था कि मेरी तबीयत कई दिनों से खराब थी, मैंने वार्डन मैडम से कहा था कि मेरे माता-पिता को बुला दीजिए, लेकिन वार्डन ने नहीं बुलाया। आज जब तबीयत ज्यादा बिगड़ी तब जाकर सूचना दी गयी।
इस पर सांसद के निजी सचिव आलोक कुमार साहू ने कहा कि यह सरासर वार्डन की घोर लापरवाही है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। एक बच्ची ने कई दिनों तक मदद की गुहार लगायी और उसे अनसुना कर दिया गया, यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
श्री साहू ने तत्काल इसकी सूचना जिला शिक्षा पदाधिकारी को दी। सूचना मिलते ही जिला शिक्षा पदाधिकारीस्वयं सदर अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने बच्ची के माता-पिता से मिलकर उन्हें आश्वस्त किया। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि मामला अत्यंत गंभीर है, इसकी उच्चस्तरीय जांच कमेटी बनायी जायेगी और विद्यालय की अन्य बच्चियों से भी गोपनीय रूप से पूछताछ की जायेगी। दोषी पाये जाने पर वार्डन पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
शाम होने के कारण उपायुक्त के आदेश पर बच्ची का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में ही कराया गया। आलोक कुमार साहू ने शोक संतप्त परिवार को ढाढस बंधाते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत जी आपके साथ खड़े हैं। परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जायेगी। मौके पर जिला कांग्रेस महामंत्री मुस्ताक अहमद भी थे।