ग्रामीणों की समस्या को लेकर बीसीसीएल व डीसी से किया बात
ग्रामीणों के आवागमन का रास्ता जल्द बहाल करने की उठी मांग
झरिया विधायक रागिनी सिंह ने कहा जनता के हक और सुविधाओं के लिए सदैव साथ हुं खड़ी
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। झरिया विधानसभा क्षेत्र भूलन बरारी में लोदना एरिया प्रबंधन द्वारा ग्रामीणों के आवागमन की मुख्य सड़क पर ओबी (ओवरबर्डन) डंप किए जाने से रास्ता बंद होने की सूचना पर झरिया विधायक रागिनी सिंह मौके पर पहुंचीं। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और सड़क बंद होने से उत्पन्न परेशानियों की ली जानकारी। मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने बीसीसीएल प्रबंधन एवं धनबाद के उपायुक्त से दूरभाष पर वार्ता की।
उन्होंने दोनों को पूरी स्थिति से अवगत कराते हुए ग्रामीणों के आवागमन की सुविधा को ध्यान में रखकर बंद सड़क को जल्द से जल्द बहाल कराने की बात कही। विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि ग्रामीणों का आवागमन बाधित होने से उन्हें दैनिक जीवन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों की सुविधा और उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रामीणों के हक, सम्मान और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मामलों में वह सदैव उनके साथ खड़ी रहेंगी। उन्होंने संबंधित प्रबंधन से जनहित को ध्यान में रखते हुए समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने की आवश्यकता जतायी, ताकि ग्रामीणों का आवागमन सामान्य हो सके।