रत्नेश कुमार ने गृह मंत्री अमित शाह से की कार्रवाई की मांग
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। कतरास क्षेत्र के शाखाटांड़ में बाउंड्री वॉल के अंदर बड़े पैमाने पर अवैध कोयला डिपो संचालित होने का आरोप लगाया गया है। इस मामले को लेकर अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। रत्नेश कुमार ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि शाखाटांड में दिन हो या रात, खुलेआम अवैध कोयले का कारोबार चलाया जा रहा है।
कथित तौर पर बाइक, साइकिल और छोटे वाहनों के माध्यम से कोयले का भंडारण किया जाता है, जिसके बाद रात के समय ट्रकों में लोड कर उसे भट्ठों में भेजा जाता है। उन्होंने सवाल उठाया है कि जब अन्य जगहों पर कोयले के अवैध कारोबार पर रोक लगाने की कार्रवाई की जा रही है, तो शाखाटांड़ में कथित रूप से यह कारोबार कैसे संचालित हो रहा है?
क्या सीआईएसएफ की इसकी जानकारी नहीं है, या फिर इस मामले को नजरअंदाज किया जा रहा है? एक तरफ हमारे धनबाद के एसएसपी महोदय है जो क्षेत्र में अवैध कारोबार पर रोक लगाने में लगे हुए है धनबाद में ऐसे ही एसएसपी महोदय की जरूरत थी लेकिन कुछ कोयला माफिया प्रशासन की छवि को धूमिल करने में लगे हुए हैं।
रत्नेश कुमार ने केंद्रीय गृह मंत्री से आग्रह किया है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए अपने स्तर से संज्ञान लें और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक जांच एवं कार्रवाई के निर्देश दें। उन्होंने कहा कि इस तरह के कथित अवैध कारोबार पर अंकुश लगाना जरूरी है, ताकि भ्रष्टाचार पर रोक लग सके और कानून व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।