चिकित्सा सेवा को पूरी तरह व्यावसायिक नहीं बनाया जा सकता : देवेंद्र नाथ महतो
काजल करमाली के इलाज पर हुए पांच लाख रुपये के खर्च को अस्पताल प्रबंधन ने किया माफ
टीम एबीएन, रांची। राजधानी रांची के बरियातू रोड स्थित ग्लोबल हॉस्पिटल में इलाज के दौरान काजल करमाली (23 वर्षीय) की आकस्मिक मौत के बाद परिजनों में भारी आक्रोश देखा गया। मृतका नारायणपुर, डुमरी निवासी सुरेश करमाली की पुत्री थीं। घटना की जानकारी मिलने पर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो अस्पताल पहुंचे।
उन्होंने पीड़ित परिवार के साथ अस्पताल के मुख्य द्वार पर धरना-प्रदर्शन करते हुए मामले की न्याय की मांग किया। परिजनों एवं समर्थकों के साथ अस्पताल प्रबंधन की कथित लापरवाही के खिलाफ आवाज उठायी गयी। बीते 19 सितंबर को प्रसव के बाद स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के कारण काजल करमाली को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
मृतका के पति रंजीत करमाली ने बताया कि इलाज के दौरान उनकी पत्नी की स्थिति में सुधार हो रहा था, लेकिन 28 सितंबर को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनका पूरा शरीर काला पड़ने लगा। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही व अनावश्यक दवाइयों के इस्तेमाल के कारण कल रविवार को उनकी पत्नी की आकस्मिक मृत्यु हो गयी।
देवेंद्र नाथ महतो और अस्पताल के निदेशक रजनीश कुमार के बीच कई घंटों तक वार्ता चलती रही। श्री महतो ने कहा कि चिकित्सा सेवा को पूरी तरह व्यावसायिक नहीं बनाया जा सकता।
मरीज के स्वास्थ्य की वास्तविक स्थिति का समुचित आकलन किये बिना अनावश्यक दवाइयों का इस्तेमाल किए जाने का आरोप गंभीर है। लंबी वार्ता के बाद अंतत: देर शाम अस्पताल प्रबंधन ने इलाज पर हुए लगभग पांच लाख रुपये के संपूर्ण खर्च को माफ करने पर सहमति जतायी गयी।
आज के धरना-प्रदर्शन में देवेंद्र नाथ महतो, शीला उरांव, सुरेश करमाली, शीला देवी, गौतम तुरी, विशाल तुरी, राहुल करमाली, अयूब अली सहित पीड़ित परिवार के सदस्य एवं अन्य सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।