- धनबाद : खरखरी में उप स्वास्थ्य केंद्र स्थल पर विवाद, तीन महीनों से निर्माण कार्य ठप
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। बाघमारा प्रखंड की खरखरी पंचायत में उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण स्थल पर सहमति नहीं बनने से तीन माह से काम अटका है। शनिवार को जैन मंदिर के समीप गोदाम के पास सफाई शुरू हुई।
लेकिन बीसीसीएल प्रबंधन ने एनओसी का हवाला देकर काम रुकवा दिया।केंद्र के लिए जैन मंदिर के समीप और जामा मस्जिद के पीछे दो स्थलों पर दावेदारी है। पंसस सुमन कुमारी ने सड़क किनारे केंद्र बनने को जनसुविधा के लिहाज से बेहतर बताया। वहीं उप मुखिया नाजो बीबी ने कहा कि आमसभा में जामा मस्जिद के पीछे निर्माण का प्रस्ताव पारित हुआ था और उसी स्थल पर भवन बनना चाहिए।
अंचलाधिकारी गिरिजानंद किस्कू और स्वास्थ्य विभाग की टीम स्थल निरीक्षण कर चुकी है। रास्ते की समस्या के कारण जैन मंदिर के समीप स्थल चुने जाने की बात कही जा रही है। अब बीसीसीएल की एनओसी और स्थल विवाद के कारण निर्माण शुरू कराने की चुनौती बनी हुई है।