- हुसैनाबाद में याद किए गए लोकनायक जेपी नारायण
- संपूर्ण क्रांति के जनक थे जेपी: रवि यादव
एबीएन न्यूज नेटवर्क, हुसैनाबाद, पलामू। 11 अक्टूबर को देश भर के साथ-साथ हुसैनाबाद में भी लोकनायक जयप्रकाश नारायण को याद किया गया और उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।
शहर के जेपी चौक पर स्थापित उनकी प्रतिमा पर युवा राजद के प्रदेश नेता रवि यादव, हुसैनाबाद नगर पंचायत के अध्यक्ष अजय कुमार भारती, पूर्व अध्यक्ष शशि कुमार, जाकिर अली उर्फ राज अली, पत्रकार गौतम पटेल सहित कई लोगों ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान राजद नेता रवि यादव ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण ऐसे स्वतंत्रता सेनानी थे, जिन्हें सत्ता से कोई लेना-देना नहीं था। उन्होंने ब्रिटिश शासन के समय 1942 के आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई और आजाद भारत में 1974 में इंदिरा गांधी सरकार के खिलाफ बड़ा जन-आंदोलन चलाया, जिसके परिणामस्वरूप कांग्रेस सत्ता से बेदखल हो गई। लेकिन उसके बाद भी व्यवस्था में परिवर्तन नहीं हुआ।
जयप्रकाश नारायण ने इसे अधूरी आजादी बताया था, जिसका प्रभाव आज भी देखने को मिलता है। नगर अध्यक्ष अजय भारती ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण के छात्र आंदोलन से देश में सत्ता परिवर्तन के साथ-साथ युवाओं में एक नई चेतना जगी थी, जिसके परिणामस्वरूप जब-जब युवाओं ने सत्ता के खिलाफ अंगड़ाई ली है, तब-तब परिवर्तन देखने को मिला है।
पूर्व अध्यक्ष शशि कुमार ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण छात्र आंदोलन व युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके जीवन ने राजनीति में एक नया अध्याय लिखा है, जिससे प्रेरित होकर दर्जनों सोशलिस्ट नेताओं का उदय हुआ। मौके पर वार्ड पार्षद शंभू कुमार, सोनू चंद्रवंशी, सुमन कुमार, धर्मेंद्र पाल सहित दर्जनों लोग शामिल थे।