- धनबाद : अंगारपथरा डिस्पेंसरी में रक्तदान शिविर, 23 लोगों ने किया महादान
- संकल्प महिला समिति की पहल, रक्तदाताओं को उपहार एवं प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित
एबीएन न्यूज नेटवर्क, कतरास, धनबाद। दीक्षा महिला मंडल के अंतर्गत कतरास क्षेत्र की संकल्प महिला समिति के सौजन्य से शनिवार, 10 अक्टूबर 2026 को अंगारपथरा डिस्पेंसरी में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग देना था।
शिविर में कुल 23 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा की मिसाल पेश की। रक्तदाताओं के इस नेक कार्य की सराहना करते हुए उन्हें वाटर बोतल, हैंडवॉश एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
आयोजकों ने कहा कि रक्तदान एक महान सामाजिक कार्य है, जिससे जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान देने में मदद मिलती है। ऐसे आयोजनों से समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ती है और अधिक से अधिक लोग इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित होते हैं।
यह कार्यक्रम दीक्षा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती अर्चना अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा संकल्प महिला समिति की अध्यक्षा श्रीमती संटू झा के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर को सफल बनाने में समिति की सदस्याओं श्रीमती आशा, मिसेज खान, श्रीमती अनिशा सिंह एवं श्रीमती पार्वती सिंह सहित अन्य सहयोगियों की भूमिका सराहनीय रही।
कार्यक्रम के माध्यम से महिला समिति ने सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर करते हुए जरूरतमंदों की सहायता और जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया।