- राहुल गांधी जी सिर्फ मुद्दा नहीं उठा रहे, सड़े हुए सिस्टम को बदलने निकले हैं : सुखदेव भगत
- जब युवा उम्मीद भरो नजरों से देखता है तो उसे सिर्फ राहुल गांधी देखते हैं : सांसद
एबीएन सेंट्रल डेस्क। चेन्नई में आयोजित लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जीके छात्रों की गूंज कार्यक्रम को लेकर लोहरदगा लोकसभा सांसद एवं छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत ने कहा कि दो बातें एकदम साफ कर दें। राहुल गांधी जी सिर्फ एक खास मुद्दे पर फोकस नहीं कर रहे हैं। उनका मकसद पूरे सिस्टम में बड़ा बदलाव लाना है। एक ऐसा सिस्टम जो आज खराब हो चुका है, जिसमें जंग लग चुका है।
यह लड़ाई सिर्फ वोट चोरी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार जी के इस्तीफे तक सीमित नहीं है। यह लड़ाई लोकतंत्र की आत्मा को बचाने की है। अगर देश के इलेक्शन कमीशन की निष्पक्षता और ईमानदारी ही शक के घेरे में आ जाएगी, तो इस देश में चुनाव कैसे होंगे? आम आदमी, गरीब, आदिवासी, दलित किस पर भरोसा करेगा?
राहुल जी ने वही किया है जो एक सच्चे जननायक को करना चाहिए। उन्होंने सत्ता से सवाल उठाया है। अगर लोग सत्ता पर सवाल नहीं उठाएंगे, तो और किससे सवाल करेंगे? श्री भगत ने कहा कि राहुल गांधी जी जहां भी जा रहे हैं, युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।हमें पूरी उम्मीद है कि चेन्नई में भी ऐसा ही ऐतिहासिक नजारा देखने को मिलेगा, जैसा आपने पुणे और इंदौर में देखा।
जाहिर है, वहां जमा होने वाली भीड़ बनाई हुई भीड़ नहीं होती, किराये पर लाई हुई भीड़ नहीं होती, उसमें हमारे देश का भविष्य, युवा होता है। जब वे किसी को उम्मीद भरी नजरों से देखते हैं, तो वे सिर्फ और सिर्फ राहुल गांधी जी को ही देख रहे होते हैं, क्योंकि उन्हें पता है कि अगर कोई इस जंग लगे सिस्टम को बदल सकता है, तो वो राहुल जी ही हैं।